प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज़ अख्तर की सराहनीय पहल, जबलपुर में कराएंगी 21 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह

DR. SUMIT SENDRAM

जबलपुर। प्रसिद्ध भगवा रंग भजन गायिका शहनाज़ अख्तर एक बार फिर अपनी समाज सेवा को लेकर चर्चा में हैं।
अपनी आवाज़ से लाखों दिलों पर राज करने वाली शहनाज़ अख्तर अब 21 निर्धन और निराश्रित कन्याओं के जीवन में खुशियों का रंग भरने जा रही हैं।
आगामी 5 मई को जबलपुर में एक भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें शहनाज़ अख्तर खुद की कमाई से इन बेटियों का घर बसाएंगी।
जबलपुर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान शहनाज़ अख्तर ने इस पुनीत कार्य की घोषणा की।
प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि इस वर्ष 5 मई 2026 को 21 जोड़ों का निःशुल्क सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। इस आयोजन की खास बात यह है कि इसके लिए किसी से भी कोई आर्थिक सहायता या चंदा नहीं लिया गया है।
​शहनाज़ अख्तर का कहना है कि उन्होंने भजनों के माध्यम से जो भी धन अर्जित किया है, उसे वे अब धर्म और मानव सेवा के कार्यों में ही लगाना चाहती हैं। इस सामूहिक विवाह के लिए जोड़ों का चयन बेहद पारदर्शी तरीके से किया गया है। इसमें उन बेटियों को प्राथमिकता दी गई है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, जिनके माता-पिता नहीं हैं या जो पूरी तरह से निराश्रित हैं। दस्तावेजों की बारीकी से जांच के बाद ही इन 21 जोड़ों का चयन किया गया है, जिनमें 10 जोड़े जबलपुर के और बाकी अन्य क्षेत्रों से हैं।