उमरिया। रेलवे ट्रैक पर लेट कर मालगाड़ी से कट कर एक प्रेमी युगल ने अपनी जान दे दी। मरने से पहले दोनों प्रेमी-प्रेमिका आपस में लिपट गए थे और इसी तरह रेलवे ट्रैक पर लेट गए थे। यह अनुमान रेलवे ट्रैक पर पड़ी उनकी कटी हुई लाश को देखकर लगाया गया है।
बताया गया कि मरने वाले प्रेमी-प्रेमिका बीते चार दिनों से गांव के अपने घरों से लापता थे।
मृतकों की पहचान भरत कोल (21) पिता अशोक कोल और करिश्मा कोल (19) पिता हल्के कोल दोनों निवासी ग्राम खेरवा ग्राम पंचायत टिकुरी जनपद पंचायत मानपुर जिला उमरिया के रूप में हुई है।
पिछले कई दिनों से गांव से लापता दोनों प्रेमी-प्रेमिका कहां थे, घर के लोगों को नहीं पता। घर के लोगों ने उन्हें तलाशने की काफी कोशिश की लेकिन वे दोनों नहीं मिले।
घटना के बाद यह जानकारी सामने आई है कि आत्महत्या करने वाले दोनों प्रेमी युगल लगभग दो-तीन दिन से महरोई स्टेशन में ही रात्रि निवास करते थे। कई लोगों ने उन्हें स्टेशन में ही देखने का दावा किया है।
बताया गया कि यह दोनों दिन में आसपास कहीं चले जाते थे और रात में आकर स्टेशन में ही निवास करते थे।
अमरपुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रेमी युगल ने भर में लगभग चार बजे मालगाड़ी से कटकर हत्या कर ली। घटना के बाद मालगाड़ी के चालक ने स्टेशन मास्टर को मेमो दिया, जिसके अनुसार घटना कटनी चोपन रेलखंड के 1143/39 किमी पर हुई।
घटना की जानकारी लगने के बाद मौके पर अमरपुर पुलिस चौकी प्रभारी दलबल के साथ घटना स्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।


