डिंडोरी। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ विश्व सिकल सेल दिवस बुधवार को डिंडोरी के चंद्र विजय महाविद्यालय में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उपराष्ट्रपति भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से दिल्ली से डुमना एयरपोर्ट पहुंचकर डिंडौरी पहुंचे, उनके साथ राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, पंचायत एवं ग्रामीण मंत्री प्रहलाद पटेल तथा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते पहुचे।
कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई अलग-अलग विभाग की प्रदर्शनी से उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपनी पत्नी के लिए सूट के पीस सहित अन्य सामग्री भी खरीदी। उपराष्ट्रपति प्रदर्शनी देखने के दौरान जब वे शहद का पैकेट देख रहे थे तो मुख्यमंत्री ने शहद का बड़ा पैकेट उन्हें भेंट कर दिया। उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के बारे कहा कि उन्होंने मुझे शहद नहीं दिया बल्कि शहद जैसा मीठा संबंध जोड़ लिया है। मध्य प्रदेश देश का प्रमुख राज्य होगा, जिसकी अर्थव्यवस्था भी देश में बड़ी भूमिका निभाएगी।
उपराष्ट्रपति जगदीश धनखड़ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 2047 में विकसित भारत की पहचान सिकल सेल के पूर्ण उन्मूलन के तौर पर होगी। सिकल सेल मुक्ति के लिए हवन शुरू हो गया है, पूर्ण आहुति 2047 में हो जाएगी। इसके लिए हम सबको मिलकर कार्य करना है।
उपराष्ट्रपति जगदीश धनखड़ ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना में तब्दीली करके सिकल सेल को भी इसमें शामिल कर दिया गया है। इससे लोगों को इलाज करने में आसानी होगी।
उपराष्ट्रपति ने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि राजनीति में भ्रामक प्रचार और दुष्प्रभाव एक बड़ी बीमारी बन गई है। उसे आप लोगों ने देखा है, लेकिन सिकल सेल बीमारी को लेकर दुष्प्रचार नहीं होना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश देश का प्रमुख राज्य होगा, जिसकी अर्थव्यवस्था भी देश में बड़ी भूमिका निभाएगी।


