भिंड। सोमवार सुबह 9 बजे शहर के गौरी सरोवर में अफरा-तफरी मच गई, जब सरकारी सरकारी उत्कृष्ट क्रमांक-2 सीएम राइज स्कूल में पदस्थ शिक्षक ने अचानक छलांग लगा दी।
जिस समय शिक्षक ने छलांग लगाई तब पत्नी और साला कार से पीछे आ रहे थे। अचानक पति को सरोवर में छलांग लगाते देखकर पत्नी ने रोते हुए पति को बचाने की गुहार लगाई।
स्थानीय गोताखार तुरंत सरोवर में कूद गए। करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद शिक्षक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया। जहाँ चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक रविंद्र उर्फ रवि राजावत पिता बनवारी सिंह राजावत (40) निवासी यदुनाथ नगर शहर के शासकीय उत्कृष्ट क्रमांक-2 सांदीपनी विद्यालय में अर्थशास्त्र संकाय के शिक्षक थे।
सांदीपनी विद्यालय के प्राचार्य पीएस चौहान ने बताया कि सुबह शिक्षक की पत्नी रौनक ने फोन पर सूचना दी थी कि “सर, रविंद्र की तबीयत खराब है, इन्हें ग्वालियर दिखाने जाना है। इस पर प्राचार्य ने छुट्टी की अनुमति दे दी।
बताया गया कि शिक्षक सुबह करीब 08:30 बजे बाइक से ग्वालियर के लिए अकेले ही निकल आए। पत्नी ने बाइक से अकेले जाते हुए देखा तो अपने भाई निखिल के साथ कार से पीछे-पीछे आने लगी। बिहारी पार्क के पास साले ने कहा कि जीजाजी, बाइक से न चलें, हम सब कार से ही ग्वालियर चलते हैं। यह सुनकर रविंद्र राजावत ने अपनी बाइक वहीं किनारे खड़ी कर दी। लेकिन तभी अचानक उन्होंने बिना कुछ कहे गौरी सरोवर की ओर दौड़ लगाई और छलांग लगा दी।
यह दृश्य पत्नी रौनक की आंखों के सामने हुआ। वह चीख पड़ीं और मौके पर मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े।
इस दौरान किसी ने सिटी कोतवाली में सूचना दी। पुलिस ने आकर सरोवर किनारे रहने वाले गोताखोर भोला खान को बुलाया। भोला अपनी टीम के साथ सरोवर में कूदे और करीब आधे घंटे प्रयास के बाद शिक्षक को बाहर निकाला।
डायल 112 तुरंत शिक्षक काे जिला अस्पताल लेकर गई। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


