इंदौर। सुपर कॉरिडोर पर तेंदुए के मूवमेंट से सॉफ्टवेयर कंपनियों में दहशत का माहौल बना है।
मामले में दो इंटरनेशनल सॉफ्टवेयर कंपनियों ने कर्मचारियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कर्मचारियों के समय में बदलाव किया है।
जानकारी के बाद फॉरेस्ट की टीम और अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तेंदुए के पग मार्क भी मिले हैं। दोनों कंपनियों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
सुपर कॉरिडोर इलाके में स्थित टीसीएस और इंफोसिस कंपनी ने सभी कर्मचारियों को एक एडवाइजरी नोट मेल किया है। इसमें टू-व्हीलर वाहनों से आने वालों को अलर्ट रहने की बात कही गई है।
उन्हें शाम को ऑफिस से समय से पहले निकलने और नाइट शिफ्ट में आने वालों को तय समय से थोड़ा जल्दी आने के लिए कहा गया है। कर्मचारियों से अंधेरा होने पर सुनसान इलाके में पड़ने वाले सर्विस लेन का उपयोग नहीं करने और कैंपस के बाहर घूमने से मना किया गया है। दोनों ही कंपनियों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की जानकारी भी दी है।
वन विभाग की टीम डीएफओ महेंद्र सिंह सोलंकी के आदेश पर सुपर कॉरिडोर इलाके में चैकिंग करने पहुंची। उन्हें यहां तेंदुए के पग मार्क दिखे। टीम ने फोटो लेने के बाद अधिकारियो को जानकारी दी। इसके बाद वह कंपनी के कैंपस में पहुंचे और यहां भी चैकिंग की। हालांकि तेंदुए के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है।
टीसीएस कंपनी के कर्मचारियों से मिली जानकारी में पता चला कि सबसे पहले तेंदुए को इंफोसिस के गार्ड ने कंपनी के कैंपस में देखा था। इसके बाद वह टीएसीएस कैंपस में आया। टीसीएस कैंपस के बाद वह कहां गया इसकी जानकारी नहीं मिली। गार्ड ने कंपनी के बड़े अधिकारियों को जानकारी दी। दोनों कंपनियों ने कर्मचारियों को बाहर निकलने और कैंपस में घूमने से रोक दिया है।

