हज यात्रियों को छोड़कर लौट रही कार पेड़ से टकराई, तीन की मौत

छिंदवाड़ा। जिले के उमरानाला क्षेत्र में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
नागपुर से हज यात्रियों को छोड़कर सिंगोड़ी लौट रही कार (एमपी 13 एजे 4859) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई।
हादसा सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ, जब सड़क पर आवागमन बेहद कम था।
पुलिस के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सिंगोड़ी निवासी नाज (पति रमजान) की हालत नाजुक होने पर उन्हें नागपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, वाहन चालक और एक अन्य व्यक्ति ने छिंदवाड़ा में ही दम तोड़ दिया।
घायलों में रमजान, शहद बी और आसमीन बानो शामिल हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक तीनों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार तेज रफ्तार में थी और संभवतः चालक को नींद का झोंका आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

 

Next Post

आसमान से बरसती आग ने ली बेजुबानों पक्षियों की जान, तड़प-तड़प कर सड़क पर गिरे कबूतर

छिंदवाड़ा। जिले के परासिया में लगातार बढ़ते तापमान ने अब पशु-पक्षियों के लिए भी गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। रविवार दोपहर पेंचवेली स्कूल से भंडारिया जाने वाले मार्ग, वार्ड क्रमांक 17 में कई कबूतर मृत अवस्था में मिले, जबकि कुछ तड़पते हुए देखे गए। घटना के बाद क्षेत्र में […]