शाजापुर। जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र की उकावता चौकी पुलिस ने गुरुवार रात शराब की पेटियां से भरा टैंकर पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस ने 285 पेटी शराब की जब्त की है, जिसकी कीमत 84 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। मामले में उकावता चौकी पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने ग्राम उकावता से गुजर रहे एबी रोड पर वाहन चेकिंग लगाई। सारंगपुर की ओर से आते हुए वाहनों को रोक-रोक कर चेक किया गया। रात करीब 12.35 बजे मुखबिर द्वारा बताया गया संदिग्ध टैंकर आता दिखा।
पुलिस ने रोककर चेक किया। शक होने पर टैंकर को चौकी उकावता लाकर बारीकी से जांच की गई तो टैंकर के अंदर महंगी शराब की पेटियां मिलीं, जिसके चालक के पास उचित दस्तावेज भी नहीं थे।
टैंकर के अंदर रॉयल चैलेंज व्हिस्की बॉटल की 112 पेटी व 19 बॉटल, रॉयल स्ट्रांग की 88 पेटियां व 06 बॉटल और रॉयल चैलेंज व्हिस्की क्वार्टर की 58 पेटियां व रॉयल स्ट्रांग व्हिस्की क्वार्टर की 27 पेटियां… इस तरह कुल कुल 285 पेटियां व 25 बॉटल अंग्रेजी शराब मिली।
शराब की सभी बॉटल के साथ ही टैंकर क्रमांक आरजे 19 जीबी 6328 जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी आकाश पिता शिवदास वैष्णव (28) निवासी प्लॉट नंबर 11 शिवनगर जिला जोधपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी (उनि) रमेश चन्द्र यादव, सहा. उप निरीक्षक जितेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह, कैलाश, महेश कुमार, आरक्षक घनश्याम सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, अरुण यादव, रवि चौधरी, अरुण चौधरी, सैनिक बाबूलाल, मांगू सिंह एवं चालक शैलेन्द्र सिंह तोमर की विशेष भूमिका रही।


