न्यूज चैनल खोलने के नाम पर 50 लाख की ठगी, पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार किए दो आरोपी

DR. SUMIT SENDRAM

सीहोर। शहर के युवा नेता व व्यवसायी को न्यूज चैनल का कार्यालय खोलने का झांसा देकर निवेश के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने के दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर अन्य सामान की जब्ती करने नोएडा लेकर गई है।
जानकारी के मुताबिक शहर के गंज निवासी युवा व्यवसायी व जनप्रतिनिधि अखिलेश राठौर पिता प्रेम नारायण राठौर से पिछले साल अनुज भूमिया नामक व्यक्ति मिला था, उसने अखिलेश राठौर को एक न्यूज चैनल का कार्यालय खोलने की सलाह दी थी। उसकी बातों में आकर उसे अखिलेश ने लगभग 50 लाख रुपये दिए थे। इस राशि से भोपाल के मिसरोद रोड पर कार्यालय भी बनाया जा रहा था।
बता दें कि कुछ ही दिन बाद अनुज भूमिया की सड़क हादसे में मौत हो गई। इसके कुछ समय बाद नोएडा निवासी लक्ष्मीकांत शर्मा ने अखिलेश राठौर से मुलाकात करते हुए उनसे चैनल के हेड कुमार सौरभ से मिलने की बात कही। अखिलेश ने नोएडा जाकर कुमार सौरभ से चर्चा की तो उसने कहा कि न्यूज चैनल को नए सिरे से प्रारंभ करने के लिए निवेश की जरूरत है। अगर वह उन्हें 30 लाख रुपये और देते हैं तो चैनल का काम आगे बढ़ सकता है। अखिलेश राठौर ने झांसे में आकर फिर 30 लाख रुपये थमा दिए। इसके बाद भी जब न्यूज चैनल का कार्य शुरू नहीं हुआ तो उन्होंने राशि लौटाने के लिए दवाब बनाना शुरू कर दिया।
बता दें कि इसके बाद कुमार सौरभ ने उन्हें कुछ राशि लौटाई भी। लेकिन एक बार फिर उसने अखिलेश राठौर से संपर्क साधा और कहा कि केन्द्र सरकार से 1 करोड़ रुपये का विज्ञापन मिला है, इसके लिए पहले 18 लाख रुपये कमीशन देना पड़ेगा। 8 लाख रुपये उसके पास हैं, 10 लाख रुपये उसने अखिलेश से मांगे तो उन्होंने फिर 10 लाख रुपये दे दिए। पिछले साल मार्च में जब अखिलेश ने कुमार सौरभ के बताए अनुसार समय पर रुपये लौटाने को कहा तो उसने नकली डिमांड ड्रॉफ्ट भेज दिया। इतना ही नहीं, वह समय-समय पर बैंक में राशि जमा करने की स्लिप भी भेजता रहा।
जब अखिलेश राठौर उसकी झूठी बातों से तंग आ गया तो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने नोएडा निवासी कुमार सौरभ और उसके साथी लक्ष्मीकांत शर्मा को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में कोतवाली थाना प्रभारी योगेन्द्र यादव का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर उनका रिमांड लिया गया है। आरोपियों को लेकर पुलिस टीम नोएडा गई है। वहां उनके तथाकथित कार्यालय से लेटरपैड, सील व अन्य सामान जब्त करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

 

Next Post

कांग्रेस विधायक के अपहृत पोते को पुलिस ने छिंदवाड़ा के तामिया से किया सकुशल बरामद, बेगमगंज से किया गया था अपहरण, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायसेन। जिले के बेगमगंज तहसील के ग्राम पलोहा से गुरुवार सुबह रहस्यमय ढंग से लापता हुए कांग्रेस विधायक देवेंद्र पटेल के दो वर्षीय पोते दिव्यम पटेल को पुलिस ने छिंदवाड़ा जिले के तामिया क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। इस सनसनीखेज अपहरण कांड में पुलिस ने तीनों आरोपियों को […]