रायसेन। जिले के बेगमगंज तहसील के ग्राम पलोहा से गुरुवार सुबह रहस्यमय ढंग से लापता हुए कांग्रेस विधायक देवेंद्र पटेल के दो वर्षीय पोते दिव्यम पटेल को पुलिस ने छिंदवाड़ा जिले के तामिया क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है।
इस सनसनीखेज अपहरण कांड में पुलिस ने तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों ने मिलकर दिव्यम का अपहरण किया था। इनमें से एक को पुलिस ने बेगमगंज से गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य आरोपी मासूम को लेकर तामिया पहुंचे थे। पुलिस ने तामिया से ही दोनों को दिव्यम सहित पकड़ा।
बता दे कि यह ऑपरेशन रायसेन, सिलवानी एवं बेगमगंज थानों की संयुक्त टीम के द्वारा अंजाम दिया गया।
जानकारी के मुताबिक बेगमगंज के ग्राम पलोहा में विधायक देवेंद्र पटेल के परिवार के घर से दिव्यम का अपहरण गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कोई सुराग न मिलने से मामला रहस्यमय बन गया था, लेकिन महज कुछ घंटों में पुलिस ने सूझबूझ के साथ पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस कप्तान पंकज पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस की 10 टीमें इस मामले की जांच में जुटी थीं। पुलिस डॉग, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने कुछ ही घंटों में मासूम की लोकेशन ट्रेस कर ली।


