ड्यूटी पर रील देख रहा था एएसआई, तभी पहुंचे पुलिस कमिश्नर, लगाया 500 रुपये जुर्माना

DR. SUMIT SENDRAM

भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और रात्रि गश्त व्यवस्था को परखने के लिए पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र शुक्रवार देर रात अचानक निरीक्षण पर निकले।
टीटी नगर क्षेत्र में उन्होंने ड्यूटी प्वाइंट से नदारद दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। जबकि, रील देख रहे एक सहा. उप निरीक्षक पर 500 रुपये का जुर्माना लगा दिया।
शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस कमिश्नर रोशनपुरा नोडल प्वाइंट पहुंचे, तो यहां तैनात कार्यवाहक उप निरीक्षक शशि चौबे और कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रविंद्र सिंह नदारद मिले। दोनों के अनुपस्थित मिलने पर इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें मौके पर ही तत्काल निलंबित कर दिया गया।
आदेश में कहा गया कि निर्धारित प्वाइंट पर अनुपस्थित रहना ड्यूटी की मूल भावना के खिलाफ है और किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं।
इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद सहा. उप निरीक्षक राजकुमार दुबे भी मोबाइल पर सोशल मीडिया में रील देखते हुए पाए गए। कमिश्नर ने कड़े स्वर में फटकार लगाते हुए उन पर 500 रुपये का दंड लगाया और स्पष्ट निर्देश दिया कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल का अनावश्यक उपयोग सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर करता है और इसे गंभीर लापरवाही माना जाएगा।
पुलिस कमिश्नर के इस औचक निरीक्षण ने विभाग में एक सख्त संदेश भेजा है कि रात की ड्यूटी में ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा को मजबूत रखने के लिए पुलिसकर्मियों को बेहतर अनुशासन और जिम्मेदारी का पालन करना होगा।

 

Next Post

ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे कांस्टेबल को बस ने कुचला, मौके पर मौत

शहडोल। जिला मुख्यालय में बस ने ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे पुलिस कॉन्स्टेबल को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रविवार दोपहर करीब सवा दो बजे बस स्टैंड पर हुआ। ड्राइवर को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। जबकि, बस को जब्त कर थाने लाया […]