मंदसौर। जिले में महिला से दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला के सीने पर कई मुक्के मारे और दांत से कई जगहो पर काट कर चेहरे को बुरी तरह जख्मी कर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वारदात सीतामऊ थाना इलाके में रविवार की है।
आरोपी का नाम अर्जुन बागरी है, जो रहीमगढ़ गांव का रहने वाला है।
रविवार देर रात पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
परिजनो ने पीड़ित महिला को सीतामऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
वारदात की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग सीतामऊ थाने पहुंच गए। नारेबाजी करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
पुलिस द्वारा हर संभावित ठिकाने पर दबिश के बाद आखिरकार आरोपी अर्जुन बागरी को सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दबोच लिया गया।
आरोपी के गिरफ्तार होने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय निवासी थाने पहुंच गए और आरोपी का जुलूस निकालने की मांग करते हुए बसई-क्यामपुर रोड पर जाम लगा दिया है।
मौके पर मौजूद एसडीओपी दिनेश प्रजापति और टीआई मोहन मालवीय ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत करवाया।


