रीवा। मारपीट की रिपोर्ट लिखाने आए फरियादियों से पुलिसकर्मियों ने थाने का टॉयलेट साफ कराया। इसका वीडियो भी सामने आया है। पीड़ितों ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है।
फरियादी सुरेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि उसकी शिकायत तो नहीं लिखी गई, उल्टा पुलिस ने उसके साथ आए नाबालिग भांजे से टॉयलेट साफ करवाया और पानी से भरा डिब्बा उठवाया।
फरियादी ने इसका वीडियो भी दिया। वीडियो में पुलिसकर्मी टॉयलेट की सफाई कराता दिख रहा है। जबकि वह खुद थाने के भीतर वर्दी में पान मसाला बना रहा है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि एक विवाद में मुन्ना यादव, लाला यादव, अरुण यादव समेत छह लोगों ने उसके साथ मारपीट की। सिर पर गंभीर चोट आने के बाद वह रिपोर्ट दर्ज कराने बिछिया थाना पहुंचा। वहां उसे न्याय मिलने की बजाय अपमान मिला।
पुलिसकर्मी ने नाबालिग भांजे को बुलाया। हाथ में पानी भरा डिब्बा पकड़वाया और फिर टॉयलेट में पानी भरने और सफाई करने को कहा।
शिकायतकर्ता सुरेंद्र यादव ने कहा कि मैं घायल था, शिकायत दर्ज कराने गया था, लेकिन पुलिस ने आरोपी की तरफदारी करते हुए मेरे भांजे से नौकर की तरह काम करवाया। यह बच्चों के साथ अत्याचार है।
सुरेंद्र यादव का आरोप है कि पुलिस पूरे मामले को दबा रही है और आरोपी पक्ष को बचा रही है। आरोपियों में एक सरकारी कर्मचारी है। इसी वजह से पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है।


