खंडवा। जिले के गुड़ीखेड़ा वनपरिक्षेत्र में जंगल में हुए अतिक्रमण का सफाया करने के लिए शुक्रवार को भी वनविभाग ने कार्रवाई की। सुबह से अमले ने खेतों को उजाड़ना शुरु किया। इस दौरान भिलाईखेड़ा में महिलाओं ने विरोध शुरु कर दिया। टीम के सामने महिलाएं विरोध में बैठ गई।
महिलाओं का कहना था कि ये राजस्व की जमीन है और इसके हमारे पास पट्टे है। महिलाओं को अधिकारी समझाइश दे रहे थे, इसी बीच स्थानीय लोगों ने टीम पर पथराव शुरु कर दिया। भारी विरोध व पथराव के बीच पुलिसकर्मी जान बचाकर उल्टे पांव भागे।
पथराव के कारण मौके पर अफरा-तफरा मच गई। अतिक्रमण हटा रही कुछ जेसीबी के कांच फूट गए, चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। घायलों को पहले गुड़ी उपस्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से एक घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पथराव के बाद फिलहाल वन विभाग ने यहां कार्रवाई रोक दी है।
डीएफओ राकेश कुमार डामाेर ने बताया कि फिलहाल कार्रवाई रोक दी है। करीब 90 से 100 हेक्टेयर जंगल से अतिक्रमण हटाया गया था। दोपहर में पास ही की बीट क्र. 749 में पहुंचे थे। इस दौरान महिलाओं ने विरोध शुरु कर दिया और पथराव हो गया। जिसमें घायलों को चोट आई है, उनका उपचार करवाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास पट्टे के कागज है, इसकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

