बोलोरो और सीएनजी कार के भिड़ंत में जिन्दा जले पिता-पुत्र

छिंदवाड़ा। कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के सिवनी मार्ग पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार पिता-पुत्र की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा परासिया-दिघावानी निवासी और वर्तमान में नवेगांव के पास रहने वाले परिवार के साथ हुआ।
जानकारी के मुताबिक 61 वर्षीय अमृत सिंह अपने 22 वर्षीय पुत्र अरुण सिंह के साथ उत्तर प्रदेश से अपने घर दीघावानी लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात ड्राइविंग के दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित हो गई।
बेकाबू कार पहले सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकराई और इसके बाद जय अम्बे गैरेज के सामने खड़ी बोलेरो से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में लगे सीएनजी सिलेंडर में आग लग गई और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। कार में सवार पिता-पुत्र को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों जिंदा जल गए।
हादसे की आग इतनी भयानक थी कि गैरेज में खड़े दो अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ गए, जिससे कुल तीन वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
सूचना मिलते ही कुंडीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों लोगों के शव पूरी तरह जल चुके थे।
थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि मृतकों के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्क्युरी भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में देर रात ड्राइविंग के दौरान आई नींद की झपकी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

 

Next Post

राहुल गांधी से मुलाकात की जिद में टावर पर चढ़ा युवक, अशोकनगर में हाईवोल्टेज ड्रामा

अशोकनगर। जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक राहुल गांधी से मिलने की मांग को लेकर करीब 150 फीट ऊंचे जियो मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने टावर के नीचे एक लिखित नोट चिपकाकर 34 घंटे के भीतर मुलाकात […]