नीमच। जिले से एक बेहद शर्मनाक और खौफनाक मामला सामने आया है।
मांगरोल चक गांव में एक विधवा महिला से छेड़छाड़ करना मनचले मदन बंजारा को भारी पड़ गया। पीड़िता और उसके बेटे ने न सिर्फ आरोपी की हिम्मत का जवाब दिया, बल्कि उसे पेड़ से बांधकर ऐसी सजा दी कि गांव में हड़कंप मच गया।
अब आरोपी के परिजन पीड़िता को गांव से भगाने की धमकी दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक 16 अप्रैल 2026 की रात मदन पिता अमर सिंह बंजारा नशे में धुत होकर गांव की एक विधवा महिला के घर में घुस गया। महिला उस वक्त सो रही थी। मदन ने महिला का हाथ पकड़ा और उसे जबरन ले जाने की कोशिश की।
महिला की चीख सुनकर बेटा जाग गया। मां-बेटे ने बड़ी हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।
आरोपी के इस दुस्साहस से गुस्साए लोगों ने उसे सबक सिखाने की ठानी।
ग्रामीणों ने मदन बंजारा को एक पेड़ से रस्सी से बांध दिया।
इसके बाद जो हुआ, वह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
गुस्साई भीड़ ने आरोपी के सिर के एक तरफ के बाल काट दिए, मूंछें साफ कर दीं और आंखों के ऊपर की भौंहे भी काट दीं। अपमानित करने के लिए उसे जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया।
छेड़छाड़ की इस घटना के बाद मामला थाने तक पहुंचा और पीड़िता ने मदन बंजारा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। लेकिन अब कहानी में नया मोड़ आ गया है। पीड़िता का आरोप है कि मदन बंजारा के परिजन उसे और उसके बेटे को लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी का भाई बहादुर बंजारा, मेमर बंजारा, बहादुर की पत्नी सुगना बंजारा, अमर बंजारा और उसकी पत्नी मिसरा बाई उसे घर से बाहर निकलने पर धमका रहे हैं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष उसे गांव छोड़कर भागने का दबाव बना रहा है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।


