बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ के हमले में महुआ बीनने गई महिला की मौत, ग्रामीणों में दहशत व्याप्त

उमरिया। जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पंपदा रेंज अंतर्गत कुशवाहा कोठिया गांव के पास बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई है। सुबह 9 हुई इस घटना के बाद गांव के लोग आक्रोशित हो गए हैं।
बताया गया कि बाघ ने उस समय महिला पर हमला किया जब वह महुआ बीन रही थी।
बाघ के हमले में मरने वाली महिला का नाम रानी सिंह पति ओमप्रकाश सिंह गोड़ (27) निवासी कुशमाहा कोठिया बताया गया है।
घटना के वक्त महिला घर के बगल में सुबह 9 बजे महुआ बीन रही थी। इसी दौरान अचानक बाघ ने हमला कर दिया जिससे महिला की मौत हो गई।
बताया गया है कि जंगल के बीच बसे इस गांव के काफी नजदीक बाघ घूम रहा है। बाघ झाड़ियां में छिपा हुआ था और उसकी नजर आसपास थी। जब रानी महुआ बीनने के लिए झुकी तो बाघ ने महिला के ऊपर हमला कर दिया।
बाघ ने महिला की गर्दन दबोच ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। महिला को चीखने चिल्लाने का भी अवसर नहीं मिल पाया।
आसपास मौजूद लोगों ने महिला पर बाघ को हमला करते हुए देख लिया था, जिससे उन लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद बाघ महिला को मारने के बाद वहां से भाग गया।
गांव के इतने नजदीक बाघ के होने की वजह से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों से सुरक्षा की व्यवस्था करने की मांग की है। गांव के लोगों का कहना है कि बाघ को यहां से हटाया जाए अन्यथा वह फिर किसी पर हमला कर सकता है।
ग्रामीणो का कहना है कि इन दिनों महुआ गिर रहा है और ग्रामीण महुआ बीनने जाएंगे ही। क्योंकि वे वनोपज पर वह निर्भर हैं।
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया है कि वह जंगल के ज्यादा अंदर ना जाएं। साथ ही वन विभाग के अधिकारियों ने सुरक्षा के लिए बाघ को जंगल के अंदर हांकने का आश्वासन भी दिया है।

 

Next Post

राजधानी में वक्फ संशोधन के समर्थन में की गई आतिशबाजी, मुस्लिम महिलाओं ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया धन्यवाद

भोपाल। संसद में बुधवार को वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पेश किया गया। राजधानी में इसके समर्थन में कुछ मुस्लिम महिलाओं और युवकों ने आतिशबाजी कर खुशी जताई। आनंदपुरा और कोकता इलाके में बुर्का पहनी मुस्लिम महिलाएं हाथों में गुलाब थामे थीं। वे ‘थैंक्यू, मोदी जी’ और ‘वी सपोर्ट मोदी जी’ […]