उमरिया। बुधवार सुबह जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा रेंज में अपने मवेशी तलाशने गए दो चरवाहों पर बाघ ने हमला कर दिया। इस घटना में दोनों ही चरवाहे घायल हुए हैं, लेकिन एक की हालत ज्यादा नाजुक बनी हुई है।
घायलों के नाम ब्रजभान सिंह (38) और आदित्य सिंह (17) बताया गया हैं।
जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार की सुबह बांधवगढ़ के पनपथा कोर क्षेत्र के गांगीताल में रानी मचान के पास हुई। हमला करने के साथ ही बाघ जंगल में चला गया। बताया गया है कि घटना के समय चरवाहा के साथ के लोगों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया था, जिसकी वजह से बाघ ज्यादा समय तक वहां रुक नहीं पाया।
जानकारी के मुताबिक गांगीताल निवासी दोनों घायलों के मवेशी मंगलवार की दोपहर से ही जंगल में चलने गए थे, लेकिन शाम को लौटकर नहीं आए। यही कारण है कि दोनों चरवाहों ने सुबह मवेशियों की तलाश शुरू कर दी थी। इस दौरान एक अन्य चरवाहा भी इन लोगों के साथ था।
तीनों लोग जब जंगल के अंदर पहुंचे तो झाड़ियां के पीछे बाघ ने अचानक सामने आकर हमला कर दिया।
बताया गया कि घटना में बृजभान सिंह की कमर, पीठ और गर्दन में चोट आई है। जबकि, आदित्य सिंह के हाथ में चोट आई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोगों ने घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों को सहायता पहुंचाई और इस घटना की जानकारी वन विभाग को दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए मानपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
बृजभान सिंह की हालत कुछ ज्यादा गंभीर है, जबकि, आदित्य सिंह साधारण रूप से घायल हुए हैं। हालांकि, डॉक्टर का कहना है कि दोनों ही घायल खतरे से बाहर हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में प्रवेश न करें अन्यथा दोबारा घटना हो सकती है।

