होशंगाबाद। बुधवार सुबह 5 बजे के आसपास इटारसी-तवा नगर मार्ग पर पानी की टंकी के पास हथियारों से लैस पेशेवर शिकारी गिरोह ने एक नर सांभर का गोली मारकर शिकार किया।
इस घटना के दौरान गश्त कर रही तवा नगर थाने की डायल 100 पुलिस टीम ने जब शिकारियों का पीछा किया तो बंदूक एवं अन्य घातक हथियार दिखाकर दो गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए।
बता दे कि पुलिस की डायल 100 टीम निहत्थे थी, उनके पास सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे, इस वजह से पुलिस को कदम पीछे खींचना पड़ गया। पुलिस ने इस घटना की सूचना वन विभाग को दी जिसके बाद बुधवार सुबह वन मंडल अधिकारी सहित सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर वन विभाग को एक सांभर मृत हालत में मिला है। जिसकी गोली मारकर हत्या की गई है।
वन विभाग एवं पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि शिकारियों का राजधानी भोपाल से कोई कनेक्शन है। सड़क किनारे घटनास्थल पर पुलिस को खाली कारतूस और अन्य धारदार हथियार भी मिले हैं। इस आधार पर आशंका जताई जा रही है कि इस घटना में किसी बड़े पेशेवर शिकारी गिरोह की भूमिका हो सकती है।
एसडीओ वन विभाग ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं। जंगल के आसपास तलाशी ली गई है, साथ ही शिकारियों का पता लगाया जा रहा है। सांभर को गले के ऊपर शिकारियों ने गोली मारी थी, सांभर की गर्दन को धारदार हथियार से शिकारियों द्वारा काटा जा रहा था, तभी पुलिस पहुंचने पर शिकारी मौके से भाग गए।
शिकारी दो गाडियों से तवानगर के जंगल में आए थे। पुलिस ने कुछ दूर तक शिकारियों का पीछा किया, लेकिन शिकारी भागने में सफल हो गए। वन विभाग की टीम सांभर के शव को बागदेव चौकी ले आई है, जहां पैनल द्वारा सांभर का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

