जबलपुर। शहर के शासकीय ओएफके कॉलेज खमरिया में 63 वर्षीय प्रोफेसर पर छात्रा को मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने का आरोप लगा है। मंगलवार को पीड़ित छात्रा अपने साथियों के साथ खमरिया थाने पहुंची और आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने पहले कॉलेज परिसर में, फिर थाने में पहुंचकर हंगामा किया।
खमरिया पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वही, पीड़िता का दावा है कि कई अन्य कॉलेज की छात्राओं को भी इसी तरह के अश्लील संदेश आरोपी भेज चुका है। हालांकि, पुलिस फिलहाल एक ही छात्रा की शिकायत पर जांच कर रही है। उसने मोबाइल में जो मैसेज बताए उसे पढ़कर पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए, जिसके बाद तुरंत उसकी शिकायत दर्ज कर ली गई।
खमरिया थाना प्रभारी सरोजनी टप्पो ने बताया कि ओएफके कॉलेज की छात्रा ने बताया कि उसे कॉलेज में पढ़ाने वाले अर्थशास्त्र के प्रोफेसर अब्दुल करीम खान ने अश्लील संदेश मोबाइल पर भेजे। वे संदेश के माध्यम से शारीरिक संबंध बनाने की बात कह रहे थे। इसके पूर्व जनवरी माह से प्रोफेसर पीड़िता को गलत नजर से देखते थे, लेकिन पीड़िता ने इसे अनदेखा किया लेकिन बाद में उसे संदेश भेजा तो उसने यह बात अपने साथियों से की।
पीड़िता ने बताया कि कॉलेज की अन्य छात्राओं ने भी चर्चा में कहा कि उनके पास भी आरोपी ने इसी तरह से मोबाइल पर संदेश भेजे थे। पीड़िता ने अन्य छात्राओं को ऐसी परिस्थिति से बचाने के लिए मामले की शिकायत पुलिस में करने का मन बनाया।
वही, इस मामले में विद्यार्थी परिषद ने भी छात्रा के साथ थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया गया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रांत छात्रा प्रमुख आंचल मिश्रा ने आरोपी प्रोफेसर को बर्खास्त करने की मांग की है। छात्रा ने बताया कि पीड़िता ने शिक्षक से असाइनमेंट के प्रश्न मांगे थे। इस दौरान मोबाइल नंबर शिक्षक को दिया था। टीचर ने नंबर पर प्रश्न तो भेज दिए लेकिन उसके बाद उन्होंने अश्लील मैसेज भेजना शुरू कर दिया। पीड़िता ने पहले तो मना किया लेकिन जब नहीं माने तो शिकायत का मन बनाया।


