इंदौर। नगर निगम में शुक्रवार को गाड़ी की पार्किंग को लेकर विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि गाड़ी के चालक ने नगर निगम के सुरक्षाकर्मी पर रिवाल्वर तान दी।
निगम के पार्किंग में हुए इस विवाद का वीडियो भी सामने आ गया है। मामले की जांच की जा रही है।
गार्ड पर रिवाल्वर तानने वाला रिटायर्ड कर्नल है, जो नगर निगम में व्यक्तिगत काम के सिलसिले में आए थे।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है। जब नगर निगम मुख्यालय के परिसर के स्वास्थ विभाग की पार्किंग में विवाद हो गया। यहां पर निगमायुक्त की कार खड़ी होती है। यहां पर अधेड़ रिटायर्ड कर्नल यहां पर गाड़ी पार्क कर रहे थे। वहां पर मौजूद गार्ड लक्ष्मण मोरे ने वहां गाड़ी पार्क करने से मना करते हुए कहा कि यहां पर गाड़ी पार्क मत करिये, यहां पर निगमायुक्त की कार खड़ी होती है। इस पर गाड़ी चालक विवाद करने लगा।
कुछ देर कहासुनी के दौरान गार्ड जाने लगा, तो रिटायर्ड कर्नल ने कुछ कहा। इस पर गार्ड पलटकर वापस आया, तो रिटायर्ड कर्नल ने रिवाल्वर निकालते हुए गार्ड को धमकाया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो फुटेज वायरल हो गया है।
निगमायुक्त हर्षिका सिंह ने इस मामले की शिकायत करने की बात कही है।


