माधव नेशनल पार्क में मादा टाइगर छोड़ेंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव, केंद्रीय मंत्री सिंधिया भी रहेंगे मौजूद

शिवपुरी। जिले के माधव नेशनल पार्क को अब टाइगर रिजर्व का दर्जा मिल गया है। प्रदेश सरकार ने 7 मार्च को इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया। अब यह पार्क ‘माधव टाइगर रिजर्व’ के रूप में जाना जाएगा। 10 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पार्क के अंदर एक मादा टाइगर को छोड़ेंगे। इसको लेकर पार्क प्रबंधन तैयारियों में जुटा हुआ है।
गौरतलब है कि टाइगर रिजर्व बनने के बाद पार्क का क्षेत्रफल 375 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 1651 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा, जिसमें 1275 वर्ग किलोमीटर का बफर जोन शामिल किया जाएगा। इस नए दर्जे के साथ, माधव टाइगर रिजर्व अब मध्यप्रदेश का 9वां टाइगर रिजर्व बन गया है।
बता दे कि इससे पहले, पार्क में तीन टाइगर छोड़े गए थे, जिनके दो शावक भी हो चुके हैं। अब 10 मार्च को एक मादा टाइगर को यहां छोड़ा जाएगा। पार्क प्रबंधन ने इसके लिए विशेष तैयारियां की हैं, जिसमें 5 वॉच टावर, 4 हाईमास्ट कैमरे और ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 10 मार्च को शाम 4 बजे शिवपुरी हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे। 4:10 बजे वे पार्क के सैलिंग क्लब जाएंगे और 4:25 बजे 16 नंबर वॉच टावर से मादा टाइगर को जंगल में छोड़ेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री कुछ अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे और फिर शाम 5:15 बजे ग्वालियर के लिए रवाना होंगे।
पार्क अधिकारियों के मुताबिक जो मादा टाइगर शिवपुरी के माधव टाइगर रिजर्व में लाई जा रही है, वह पन्ना टाइगर रिजर्व से आ रही है। इसके बाद जल्द ही एक नर टाइगर भी यहां लाया जाएगा। सरकार द्वारा जारी नोटिफिकेशन के बाद, यह पार्क अब आधिकारिक रूप से टाइगर रिजर्व का दर्जा प्राप्त कर चुका है।

 

Next Post

हथियार लेकर हमीदिया के आईसीयू घुसे 30-40 युवक, तीन डॉक्टरो को आई चोट

भोपाल। राजधानी के हमीदिया अस्पताल में मरीज के परिजन ने डॉक्टर्स पर हमला कर दिया। मारपीट में तीन डॉक्टर को चोटें आई हैं, इनमें एक जूनियर डॉक्टर को सिर में चोट आई है। घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे की है। अस्पताल के आईसीयू-3 में मरीज डॉली बाई […]