बदमाशो के लिए 18 पिस्‍टल ले जा रहा था यूपी का तस्‍कर, पुलिस के चढा हत्‍थे

बुरहानपुर। जिले के पाचोरी में बनने वाली देशी पिस्टलों की खेप लेकर वापस लौट रहे उत्तर प्रदेश के एक हथियार तस्कर को खकनार थाना पुलिस ने 18 पिस्टल और 14 मैग्जीन के साथ दबोचा है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी राजू पिता जय प्रकाश बालमीकि (38) निवासी हातमपुर शेखपुरा थाना चांदपुर, जिला बिजनौर उप्र हथियारों की यह खेप लेकर मेरठ के गैंगस्टर के पास जा रहा था। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।
सोमवार दोपहर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने प्रेसवार्ता में मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी राजू उत्तर प्रदेश में पेंटर का काम करता है।
उन्होंने आगे बताया रविवार को खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव को मुखबिर से अवैध हथियार तस्करी की सूचना प्राप्त हुई थी।
उन्होंने टीम के साथ कुंडिया नाला फाटा यात्री प्रतिक्षालय के पास दबिश देकर उसे पकड़ा। जांच में उसके बैग से हथियारों का जखीरा निकला।
उन्होंने बताया कि आरोपी ट्रेन से शहर पहुंचा था और एक होटल में रुका था। दूसरे दिन रविवार को हथियारों की खेप लेने खकनार क्षेत्र पहुंचा था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी राजू पर पहले से उत्तर प्रदेश और हरियाणा में तीन अपराध दर्ज हैं। लूट व डकैती की तैयारी करने का एक मामला हरियाणा के रोहतक में वर्ष 2017 में दर्ज हुआ था।
वर्ष 2020 में थाना चांदपुर जिला बिजनौर उप्र में हत्या के प्रयास, डकैती की तैयारी व अवैध हथियार के दो मामले दर्ज हुए थे।
उन्होंने बताया कि अपराधियों से उसकी पहचान जेल में हुई थी। इसके बाद से वह उनके लिए इस तरह के काम करने लगा था।
थाना प्रभारी अभिषेक जाधव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में उप निरीक्षक शिवपाल सरयाम, सहा. उप निरीक्षक तारक अली, प्रधान आरक्षक शादाब अली, निखिलेश जगताप, मेल सिंह सोलंकी, आरक्षक जितेन्द्र चौहान, सुनिल धुर्वे, गोविन्दा मुजाल्दे, गोलू खान, मंगल पालवी, विजेन्द्र देवल्ये, संदीप कास्डे एवं सायबर सेल के आरक्षक दुर्गेश पटेल शामिल रहे।

 

Next Post

प्रधान आरक्षक को मारकर लाश ठिकाने लगाने जा रहे बदमाशों को ग्रामीणो ने पकड़कर धुना

रतलाम। जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र के ग्राम मोरिया के पास रूपनिया डेम में एक व्यक्ति का शव ठिकाने लगाने जा रहे तीन व्यक्तियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया तथा उनकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुची और तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। मृतक […]