प्रधान आरक्षक को मारकर लाश ठिकाने लगाने जा रहे बदमाशों को ग्रामीणो ने पकड़कर धुना

रतलाम। जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र के ग्राम मोरिया के पास रूपनिया डेम में एक व्यक्ति का शव ठिकाने लगाने जा रहे तीन व्यक्तियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया तथा उनकी जमकर पिटाई की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुची और तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।
मृतक की पहचान 32वीं बटालियन के प्रधान आरक्षक गुलाबसिंह पंवार निवासी ग्राम डाबड़िया राजपूत थाना तराना जिला उज्जैन के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियो से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर ग्राम मोरिया के समीप रूपनिया डैम में कुछ व्यक्ति कार में एक व्यक्ति का शव लेकर उसे ठिकाने लगाने पहुंचे थे।
तभी गांव के चौकीदार ने उन्हें देख लिया तो आरोपी कार लेकर वहां से भागे। वे कार लेकर पास के गांव रणायरा गुर्जर होकर जा रहे थे तभी रास्ते में कार खराब होकर रूक गई।
इसी बीच आरोपी कार से उतरे तथा कार छोड़कर भागने लगे। ग्रामीण उन्हें भागता देख कार के पास पहुंचे तो उसमें एक व्यक्ति का शव था।
ग्रामीणो की सूचना पर जावरा ग्रामीण एसडीओपी संदीप मालवीय, एसआई शिवेंद्र कुमार व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा तीनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस आरोपियो को बैठाकर जीप से ले जाने लगी तो ग्रामीण जीप के सामने आकर आरोपियो को उन्हें सौंपने की मांग करने लगे।
जिसके बाद एक एसआई गुस्ताएं ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास करने लगे। वे ग्रामीणों को आरोपियो को पकड़ने के लिए धन्यवाद देते हुए कहने लगे कि आपके सहयोग से ही तीनो आरोपी पकड़ में आए है।
इन आरोपियो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पर ग्रामीण शांत हुए तथा पुलिस आरोपियो को जीप से रिंगनोद थाने पर ले गई।
जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में एक आरोपी द्वारा किसी महिला पर बुरी नजर रखने की बात को लेकर घटना सामने आई है। हत्या किस स्थान पर की गई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतक के परिजनो को सूचना दी गई है। शव जावरा के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है। आरोपियो से पूछताछ की जा रही है।

 

Next Post

यात्रियों से भरी बस पलटी, महिला सहित दो की मौत, स्कूली बच्चे भी थे सवार

इटारसी। राष्ट्रीय राजमार्ग 46 पर सोमवार दोपहर पथरौटा पुलिया के पास अनियंत्रित होकर एक यात्री बस पलट गई। हादसे में बस सवार एक महिला यात्री सहित दो लोगों की मौत की खबर है। सूचना मिलते ही एंबुलेंस एवं पथरौटा पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत बचाव का कार्य शुरू […]