भोपाल। प्रदेश की राजधानी के ऐशबाग क्षेत्र में एएसआई ने पत्नी और साली की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वह घर के काम करने आई मेड को धक्का देकर अंदर घुसा और दोनों पर वार किए। फिर मौके से फरार हो गया। घरेलू काम करने वाली बाई ने पुलिस को सूचना दी। आरोपी के घर से निकलकर जाते हुए सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। मौके पर एफएसएल टीम के साथ पुलिस के डॉग भी पहुंचे हैं।
डीसीपी (जोन-1) प्रियंका शुक्ला ने बताया कि विनीता मरावी अपनी बहन मेघा उइके के साथ किराए के फ्लैट में रहती थी। विनीता का अपने पति योगेश मरावी से पिछले पांच-छह साल से विवाद चल रहा था। योगेश मंडला जिले में पुलिस विभाग में सहा. उप निरीक्षक के पद पर तैनात है।
दोनों मृतक महिलाओ की उम्र 30 एवं 35 वर्ष बताई गयी है। पुलिस टीम आरोपी योगेश मरावी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे योगेश की पत्नी विनीता ने मेड के लिए दरवाजा खोला। इसी दौरान बाहर मौजूद योगेश मेड को धक्का देकर अंदर घुस गया। उसने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ पत्नी-साली पर वार किए।
यह देखकर मेड वहां से भागी और पड़ोसियों को जानकारी दी। फिर डायल 100 पर फोन लगाया।
पुलिस ने बताया कि थैले में हथियार लेकर जाते हुए एएसआई की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर का दरवाजा बाहर से बंदकर फरार हो गया। मेड को 6-7 मिनट तक बचाओ-बचाओ की आवाजें आती रहीं। विनीता के शरीर पर चाकू के आधा दर्जन से ज्यादा घाव मिले हैं।

