रायसेन। जिले में बरेली-पिपरिया रोड पर बना नयागांव पुल अचानक गिर गया। हादसे में पुल से गुजर रहे दो वाहन भी नीचे जा गिरे, जिसमें उस पर सवार चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक एक वाहन पर जैत जिला सीहोर के निवासी सवार थे और दूसरे वाहन पर बेरली धोखेड़ा के दो निवासी सवार थे।
सूचना मिलने पर एसडीओपी, तहसीलदार मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुल के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
हादसे में घायल चारों लोगों को इलाज के लिए बरेली सिविल अस्पताल में भेजा गया है।
वही, पुल के नीचे निर्माण कार्य चल रहा था और कई मजदूर भी वहां काम कर रहे थे। गनीमत रही कि पुल गिरते देख मजदूर जान बचाकर भागे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुल गिरने में एमपीआरडीसी की बड़ी लापरवाही आई सामने है।
जानकारी के मुताबिक जर्जर पुल पर ही सड़क बना दी गई थी। पुल को सुधारने या नया पुल बनाने की बजाए उसी से पर सड़क बना दी गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए।
नयागांव में पुल गिरने तथा नागरिकों के घायल होने की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा बरेली स्थित सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टर्स को घायलों के समुचित उपचार के दिशा निर्देश दिए। साथ ही घायलों से भी संवाद किया। इसके उपरांत कलेक्टर विश्वकर्मा ने नयागांव पहुंचकर घटना स्थल का भी जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अशुतोष गुप्ता भी मौजूद रहे।


