इंदौर। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम कर्मचारियों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने निगम के वाहनों में तोड़फोड़ भी की। मामला बुधवार सुबह करीब 10 बजे का है।
जानकारी के मुताबिक नगर निगम का अमला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। यहां बनी गौशाला को तोड़कर निगमकर्मी गायों को गाड़ियों में भरकर ले जा रहे थे। इसी बीच बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। उन्होंने गायों को ले जाने के तरीके पर आपत्ति जताई। निगमकर्मियों ने विरोध किया तो दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होने की सूचना पर पुलिस पहले से ही मौके पर थी। पुलिस ने बजरंग दल और निगमकर्मियों को अलग कराया। जिसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता द्वारकापुरी थाने और नगर निगम के हवा बंगला जोन कार्यालय पर इकट्ठा हुए।
नगर निगम की डिप्टी कमिश्नर लता अग्रवाल ने बताया कि मारपीट में निगम के तीन कर्मचारी घायल हुए हैं। उनको अस्पताल ले जाया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए निगम कमिश्नर से बात करके कदम उठाया जाएगा।

