डिंडोरी। वनमंडल अधिकारी पुनीत सोनकर एवं उपवनमंडल अधिकारी सुरेंद्र सिंह जाटव के मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा संचालित वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह 2025 के अंतर्गत सामान्य वन मंडल डिंडोरी द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडोरी में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं के पंजीयन से हुई। इसमें शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडोरी, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिंडोरी, शासकीय हाई स्कूल मुड़की तथा राजूषा हायर सेकेंडरी स्कूल डिंडोरी के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व एवं जैव विविधता” रखा गया था। विद्यार्थियों ने इस विषय पर अपने विचार व्यक्त किए और आकर्षक चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में 32 विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता एवं 20 विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया।
निर्धारित समय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
प्रतिभागियों ने वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन एवं जैव विविधता की महत्ता पर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों द्वारा बनाई गईं कलाकृतियां पर्यावरण जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण बनीं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को वनमंडल अधिकारी पुनीत सोनकर एवं शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडोरी के प्राचार्य एसके द्विवेदी के द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
भाषण प्रतियोगिता में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडोरी की छात्रा अर्चना परस्ते को पहला स्थान मिला। वही, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडोरी के छात्र शौर्य साहू द्वितीय स्थान पर अपना कब्जा जमाया। जबकि, तृतीय स्थान पर राजूषा हायर सेकेंडरी स्कूल डिंडोरी के अंश यादव रहे।
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिंडोरी की छात्रा सोनिया धार्वे,
द्वितीय स्थान पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडोरी के छात्र अनुराग सोनवानी एवं तृतीय स्थान शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडोरी की छात्रा अंजलि बर्मन को प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान वन परिक्षेत्राधिकारी अतुल बघेल, जैव विविधता क्विज मास्टर अश्विनी कुमार साहू, लतिका डेनियल, पीएस कुसराम, शिवभजन लाल गोप, शिवकुमार सांडया, उदयभान मरावी, सोमनाथ सिंह भारतीय, नितिन सिंह मार्को, शोभित राम बनवासी, अमृत सिंह मसराम, पुन्नू लाल धुर्वे, टेक सिंह धुर्वे, मान सिंह मरावी, श्यामाचरण, भागचंद कश्यप, रामजीधर बढ़गैया, संजय मार्को, प्रमोद कुमार परस्ते, अरुण कुमार ठाकुर, खुशबू मरावी, गीता पेंद्रो एवं प्रमोद दुबे मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शोभित राम वनवासी, अमृत सिंह कुसराम एवं अश्विनी कुमार साहू शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
अंत में उपस्थित विद्यार्थियों और अधिकारियों ने सामूहिक छायाचित्र खिंचवाकर इस विशेष अवसर को यादगार बनाया।
वन विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।


