जबलपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। बंगाल की इस चुनावी जंग में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर देश के कोने-कोने से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। जबलपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इस जीत का जश्न मनाया।
हालांकि, शहर में हुए हालिया क्रूज हादसे के चलते इस जश्न को बेहद सादगी के साथ मनाया गया।
जबलपुर में भाजपा कार्यालय के बाहर नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा। बंगाल में ‘राष्ट्रवाद’ की जीत का दावा करते हुए भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति को इस सफलता का श्रेय दिया।
भाजपा नेताओं का मानना है कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बंगाल की धरती से जिस संकल्प की शुरुआत की थी, वह आज पूरा हुआ है।
सांसद आशीष दुबे ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह बंगाल की जनता की जीत है, राष्ट्रवाद की जीत है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने जो संकल्प लिया था, वह आज पूरा होता दिख रहा है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व और अमित शाह की कुशल रणनीति को जाता है। बंगाल ने तुष्टिकरण और सांप्रदायिकता की राजनीति को नकार कर पहली बार राष्ट्रवादी सरकार को चुना है।
वही, जहां एक तरफ बंगाल की जीत का उत्साह था, वहीं दूसरी ओर जबलपुर के बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे का गम भी नेताओं के चेहरों पर दिखा।
इसी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने कोई बड़ा शक्ति प्रदर्शन नहीं किया।
कार्यकर्ताओं को मिठाई के बजाय बंगाल की प्रसिद्ध ‘झालमुड़ी’ खिलाकर सादगी से जीत की बधाई दी गई।

