भोपाल। राजधानी के कोहेफिजा में रहने वाले कारोबारी से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 9.35 लाख की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को साइबर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी भुसावल (महाराष्ट्र) के रहने वाले हैं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों बताया कि उन्होंने केवल अपने खाते इस्तेमाल को दिए थे।इसके एवज में उन्हें महज 20-20 हजार रुपए मिले थे। ठगी किसने की, रकम आगे कहां गई, इसकी जानकारी नहीं है। हालांकि पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक मो. जैनुल निवासी कोहेफिजा ने दो महीने पहले थाना साइबर क्राइम भोपाल में लिखित शिकायत की थी। इसमें बताया कि उनके वॉट्सएप्प पर करण बिरला नाम के व्यक्ति ने कॉल किया था। उसने स्वयं को शेयर ब्रोकर बताया था। ट्रेडिंग के लिए पीएमएचडीएफसी नाम के एप्लिकेशन डाउन लोड कराई।
इसके बाद इस एप्लिकेशन से सहराज सोलार नाम की कंपनी में निवेश करने पर बड़ा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
आरोपी की बातों में आने के बाद फरियादी ने तीन बार में उसके बताए खाते में 9.35 लाख रुपए जमा कर दिए। बाद में एप्प लॉक कर दिया गया, आरोपी का वॉट्सएप्प नंबर भी बंद हो गया।
साइबर जालसाज लोगों को वॉट्सएप्प पर शेयर मार्केट में निवेश करने के नाम पर मैसेज भेजते हैं। लोगों को शेयर मार्केट में बड़ी कंपनियों के नाम से इन्वेस्ट करने पर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच देते हैं। नामी कंपनियों से मिलता-जुलता एप्लिकेशन बनाया जाता है। लोग जब पहली बार कंपनी में इन्वेस्ट करते हैं, तब उनको मुनाफा सहित जमा की गई राशि वापस कर दी जाती है। इसके बाद बड़ी राशि इन्वेस्ट की जाती है, तब उनको कोई पैसा वापस नहीं किया जाता है।
साइबर क्राइम ने मैदानी स्तर पर प्राप्त साक्ष्य एवं तकनीकी एनालिसिस के आधार पर प्राप्त साक्ष्य के आधार पर अपराध कारित करने में उपयोग किए गए वॉट्सएप्प नंबर, एप्लिकेशन एवं बैंक खातों के वास्तविक उपयोगकर्ता की तकनीकी जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद मैदानी स्तर पर टीम के सदस्यों द्वारा प्रयास कर वास्तविक आरोपियों को बैंक खाता बेचने वाले आरोपियों की पहचान की गई।
तकनीकी एवं मैदानी स्तर पर प्राप्त जानकारी के आधार पर गिरोह को पैसे लेकर खाता बेचने वाले तीन आरोपियों को भुसावल महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त 3 मोबाइल फोन, 5 सिम कार्ड जब्त किए हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में अनिकेत दत्तात्रेय बरहटे निवासी भुसावल जिला जलगांव (महाराष्ट्र), ऋषिकेश प्रवीण बाविस्कर निवासी भुसावल जिला जलगांव (महाराष्ट्र) एवं आकाश चनाड़े निवासी भुसावल जिला जलगांव (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

