हाईवे पर गिरे पेड़ को हटवाते वक्त पेड़ की डाल गिरने से घायल एएसआई की इलाज के दौरान मौत, तिरंगे में लपेट के लाया गया शव

डिंडोरी। गाड़ासरई थाना में पदस्थ एएसआई संतोष सिंह की जबलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
बता दे कि रविवार की देर शाम गाड़ासरई थाना क्षेत्र में आंधी तूफान और बारिश से हाईवे में गिरे पेड़ों को हटवाने के दौरान एएसआई संतोष सिंह के सर पर डाल गिर गई। जिससे उन्हें गंभीर चोट लग गई, जिसके बाद एएसआई को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया और बाद में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस लाइन ग्राउंड में एएसआई संतोष सिंह का पार्थिव शरीर लाया गया। शव को तिरंगे में लपेटा गया। उसके बाद पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह, एडशिनल एसपी जगन्नाथ मरकाम, एसडीओपी केके त्रिपाठी सहित थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों ने पुष्प गुच्छ अर्पित किए। पार्थिव शरीर को अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र के पटना कला गांव भेजा गया है। गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी जाएगी।
एएसआई संतोष सिंह के बड़े भाई राज कुमार सिंह ने बताया कि पिता स्व. प्रताप सिंह पुलिस विभाग में ड्राइवर थे। उनकी सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी, तो अनुकंपा नियुक्ति संतोष को दिलवा दिए थे। अब उसकी पत्नी सुमन सिंह है, बेटा आस्तिक एमबीए की पढ़ाई करके भोपाल में जॉब करता है। बेटी आकृति सिंह 24 वर्ष की है और शहडोल में रहकर पढ़ाई कर रही है। मेरा भाई बहुत सीधा था।
गाड़ासरई थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि गाड़ासरई कस्बे में शाम 4.30 बजे तेज आंधी तूफान के साथ बारिश हुई थी। जिससे सड़क में कई जगह पर पेड़ गिर गए थे। एक गाड़ी के ऊपर भी पेड़ गिरा था। कई घंटों से ट्रैफिक जाम था। जिसे खुलवाने के लिए पेड़ों को काट-काट कर हटाया जा रहा था। संतोष सिंह भी ड्यूटी में थे और ट्रैफिक खुलवाने में मदद कर रहे थे। इसी दौरान पेड़ की डाल उनके सिर पर गिर गई। दुर्घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। जिन्हें इलाज के लिए पहले गाड़ासरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल डिंडोरी जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। रात करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

 

Next Post

"रूक जाना नहीं" योजना के तहत 10वीं व 12वीं की परीक्षा प्रारम्भ, राज्य ओपन बोर्ड की ओर से छह परीक्षाओं का किया जा रहा आयोजन

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों की “रूक जाना नहीं” योजना के तहत सोमवार से परीक्षा प्रारम्भ हो गई है। राज्य ओपन बोर्ड की ओर से इस परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। ओपन बोर्ड की ओर से “रुक जाना […]