भोपाल। अलग-अलग क्षेत्रो में तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से अरब सागर के साथ ही बंगाल की खाड़ी से भी नमी आने लगी है।
राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अनेक क्षेत्रो में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है।
भोपाल के आसमान पर शुक्रवार रात से बादल छाने लगे और तेज हवाएं चलीं, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई। शनिवार तड़के गरज-चमक के साथ रुक-रुककर बौछारें भी पड़ीं।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल में पिछले चौबीस घंटों के दौरान शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 04 मिमी वर्षा हुई। फिलहाल पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। वातावरण में नमी बरकरार है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में अफगानिस्तान के पास बने एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी एवं मैदानी क्षेत्रों में वर्षा होने के हालात बन गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, शहडोल, जबलपुर, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है।


