उज्जैन। सावन के तीसरे सोमवार को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। विनायक चतुर्थी होने के कारण भगवान महाकाल का गणेश स्वरूप में श्रृंगार किया गया है।
उज्जैन में शाम को महाकाल की तीसरी सवारी मंदिर से निकली। इसमें भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर पालकी में विराजित हुए। जबकि, भगवान श्री मनमहेश को हाथी पर सवार तो वही, श्री शिव-तांडव की प्रतिमा को गरूड़ रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण में निकले।
सवारी के शिप्रा घाट पर पहुंचने पर भगवान का पूजन-अर्चन किया गया। जिसके बाद सवारी मंदिर के लिए रवाना हुई।
इससे पूर्व सवारी प्रारम्भ होने पर मंदिर के सभामंडप में भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद पालकी में विराजित भगवान को मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल ने सलामी दी। सवारी में घुड़सवार पुलिस, सशस्त्र बल, होमगार्ड के जवान, भजन मंडली, झांझ मंडली व पुलिस बैंड भी शामिल रहे।


