दुर्गा पंडाल में हाइटेंशन लाइन की चपेट में आए चार युवक झुलसे , एक की हालत नाजुक, करोंद के रतन कॉलोनी की घटना

भोपाल। शहर के करोंद क्षेत्र के रतन कालोनी में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया।
दुर्गा उत्सव पंडाल में काम कर रहे चार लोग हाइटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। इस हादसे में घायल एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बताया गया कि ये युवक माइक का वायर सुधारने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनके साथ हादसा हो गया। पहले एक युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया, उसे बचाने के चक्कर में अन्य तीन को भी करंट लग गया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे रतन कालोनी में कुछ लोग पाइप पर चढ़कर वायर सुधारने की कोशिश कर रहे थे। पास से ही हाइटेंशन लाइन गुजर रही थी, जिसकी चपेट में चार युवक आ गए। इनमें मुकेश और माखन साहू शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करंट से झुलसे 35 वर्षीय माखन साहू की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा होते ही वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। करंट से झुलसे युवकों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
वही, सूचना मिलने पर दमकल विभाग और बिजली कंपनी की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र में तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद की गई, ताकि कोई दूसरा तारों की चपेट में न आ जाए। दुर्गा उत्सव समिति ने भी कार्यक्रम बंद कर दिए।

 

Next Post

संदिग्धों से रेलवे पटरियों की सुरक्षा करने इटारसी से मानिकपुर तक लगेगी फेंसिंग, तकरीबन 500 किमी लंबे रेलवे ट्रैक मे लगाई जाएगी फैंसिंग

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर, भोपाल एवं कोटा रेल मंडल की सीमा में आने वाले करीब 300 रेलवे स्टेशन और तीन हजार किमी लंबे (अप-डाउन) रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए फेंसिंग लगाने का काम जल्द शुरू किया जायेगा। जबलपुर रेलवे मंडल के करीबन 500 किमी लंबे रेलवे ट्रैक […]