जन अभियान परिषद के अधिकारी को कार ने मारी टक्कर, ईलाज के दौरान मौत

DR. SUMIT SENDRAM

मंडला। नगर के बड़ी खैरी में मॉर्निंग वॉक के दौरान तेज रफ्तार कार की टक्कर से मध्य प्रदेश शासन की संस्था ‘जन अभियान परिषद’ के विकासखंड समन्वयक अनिल मेहरा की मौत हो गई।
हादसा 5 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे डिंडौरी रोड स्थित योगिराज अस्पताल के पास हुआ।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सामने आया है।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि घने कोहरे के बीच अनिल मेहरा सड़क किनारे पैदल चल रहे थे, तभी पीछे से आई महरून/लाल रंग की कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार रुकी और उसमें सवार दो लोग नीचे उतरे, घायल को देखा और फिर दोबारा कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
हादसे के बाद अनिल मेहरा करीब आधे घंटे तक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे। बाद में स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में घटना के बाद कार से दो लोग उतरते दिखाई दे रहे हैं। वे सड़क पर पड़े अनिल मेहरा को देखते हैं और दोबारा कार में बैठकर मौके से फरार हो जाते हैं। इसी दौरान वहां से गुज़र रहा एक स्कूटी चालक भी रुकता है, जो कार सवारों और घायल अनिल मेहरा दोनों को देखता है।
पुलिस के मुताबिक स्कूटी चालक ने कार सवारों को पहचानने की बात कही है।
बता दे कि अनिल मेहरा (53) मूलतः मंडला जिले के मोहगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम देवगांव के रहने वाले थे।
वर्तमान में जिला मुख्यालय मंडला के नजदीकी ग्राम बड़ी खैरी में निवासरत थे। उनकी पत्नी कीर्ति झारिया स्वास्थ्य विभाग में एएनएम है और मंडला ब्लॉक में पदस्थ हैं। एक बेटा 18 वर्ष और बेटी 13 वर्ष की है।
अनिल मेहरा की जन अभियान परिषद ब्लॉक अमरवाड़ा छिंदवाड़ा जिले में 2008 में नियुक्ति हुई। इसके पश्चात वे डिंडोरी जिले के मेहंदवानी, मंडला जिले के घुघरी ब्लॉक में पदस्थ रहे। वर्तमान में करीब 3 वर्ष से वे मंडला जिले के नारायणगंज ब्लॉक में ब्लॉक कोऑर्डिनेटर पद पर पदस्थ रहे।
कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।

 

Next Post

बरगांव धान उपार्जन केंद्र मे धान खरीदी प्रारम्भ, सहा. आपूर्ति अधिकारी की उपस्थिति मे कार्य हुआ प्रारम्भ

शहपुरा(डिंडोरी)। जिले के बरगांव में सहा. आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी व लेम्पस प्रबंधक राजेश साहू, खरीदी प्रभारी रामानंद साहू व किसानो की उपस्थिति मे सोमवार के दिन किसानो से धान खरीदी का कार्य आरम्भ किया गया। सहा. आपूर्ति अधिकारी के द्वारा किसानो के लिए पानी, अलाव, बैठने आदि की व्यवस्था […]