बारात में धक्का लगने से शुरू विवाद में चाकूबाज, दो युवकों की मौत

DR. SUMIT SENDRAM

रतलाम। शहर में बारात के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ओल्ड रेलवे क्वार्टर क्षेत्र में शादी में नाचने और धक्का लगने की बात को लेकर शुरू हुआ झगड़ा बाद में चाकूबाजी में बदल गया। इस दौरान दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के मुताबिक एक बारात में नाचने के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद दोनों पक्ष बारात से अलग होकर दूसरी जगह पहुंचे, जहां विवाद फिर बढ़ गया। इसी दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर हमला कर चाकू से वार कर दिए।
हमले में पीयूष रावत, उसका चचेरा भाई आनंद रावत और दोस्त शाहबाज खान घायल हो गए। तीनों किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचे, जहां आनंद रावत और शाहबाज खान को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि पीयूष को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है।
घायल पीयूष रावत ने पुलिस को बयान दिया कि वह अपने साथियों के साथ शंकर मंदिर के पास खड़ा था, तभी आरोपी मुन्ना और रोहित अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए आनंद और शाहबाज पर चाकू से वार किए गए, वहीं पीयूष को भी गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक हेमंत चौहान ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। कुछ आरोपी भी घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

 

Next Post

जनगणना सर्वे के दौरान महिला कर्मचारी से हुई मारपीट, गोद में बच्चा लिए झपटी महिला, सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

गुना। जनगणना सर्वे के दौरान शहर के वार्ड क्रमांक 11 में रविवार को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। सर्वे का शासकीय कार्य कर रही कर्मचारी रीना चिढ़ार के साथ स्थानीय परिवार की महिलाओं ने सड़क पर गिराकर मारपीट की। इस दौरान एक महिला गोद में मासूम बच्चा लिए कर्मचारी […]