जबलपुर। 24 फ़रवरी की शाम एचडीबी फाइनेंसियल सर्विसेस लिमिटेड के सहा. प्रबंधक शैलेश श्रीवास के ऊपर प्राणघातक हमले के पांच आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। वही, दो अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फिलहाल दूर है, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।
प्रेसवार्ता में अति. पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने बताया कि एचडीबी फाइनेंसियल सर्विसेस लिमिटेड में पदस्थ सहा. प्रबंधक शैलेश श्रीवास 24 फ़रवरी की शाम कटनी जाने के लिए पैदल रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इलाहबाद बैंक चौक से जैसे ही डिसिल्वा बँगले पहुचे ही थे कि तभी बाइक में तीन नकाबपोश बदमाश आये और शैलेश के ऊपर चाकू के दनादन हमला कर दिया। जिसके बाद तीनो हमलावर वहां से फरार हो गए। इस हमले में शैलेश को पैर, जाँघ और सीने में गंभीर चोटे आयी। घायल शैलेश को तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 34 भादवि के तहत मामला कायम कर जाँच में लिया।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर आदित्य प्रताप सिंह द्वारा घटित हुई घटना को गम्भीरता से लेते हुये पतासाजी करते हुये आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आदेशित किये जाने पर अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रियंका शुक्ला, अति. पुलिस अधीक्षक (अपराध) समर वर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक (ओमती) पंकज मिश्रा के मार्गदर्शन में सिविल लाइन थाना प्रभारी धीरज राज के नेतृत्व में टीम गठित की गयी।
गठित टीम में द्वारा घटना स्थल के आस पास के सीसीटीव्ही फुटेज चेक किये गये। घटना स्थल के आसपास दो अज्ञात व्यक्ति घटना के पूर्व रेकी करते पाए गए, जिनके सम्बंध में पतासाजी करने पर दोनों की पहचान गौरव पटेल व शुभम पासी के रूप में हुई। दोनों के संबंध में घायल शैलेश व अन्य लोगों से पूछताछ करने पर गौरव पटेल व शुभम पासी के सम्बंध में घायल शैलेश द्वारा एचडीबी फाइनेंसियल सर्विस में अनियमितता उजागर करना, जिसकी वजह से दोनों के द्वारा अन्य तीन आरोपी सागर यादव एवं आनंद बर्मन उर्फ बब्बा तथा सौरभ केवट को रुपए देकर चाकू मारने हेतु राजी किया गया।
बीस हजार रूपये लेकर सागर यादव एवं आनंद बर्मन उर्फ बब्बा तथा सौरभ केवट द्वारा चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया गया।
घटना में दो अन्य आरोपी राजा व आशीष के नाम भी सामने आए हैं जिनकी घटना में संलिप्तता पायी गयी है।
सिविल लाइन पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश कर आरोपी सागर यादव उर्फ श्रेयांश(25) निवासी चेरीताल कोतवाली, सौरव केवट(21) निवासी रद्दी चौकी गोहलपुर, आशीष अहिरवार(28) निवासी मिलौनीगंज, राजा उर्फ अग्रसेन नामदेव(21) निवासी मिलौनीगंज एवं आनन्द उर्फ बब्बा बर्मन(24) निवासी दीक्षितपुर को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू एवं 1 डिस्कवर मोटर सायकिल एवं 1 स्कूटी तथा घटना के वक्त पहने कपडे जब्त किया।
वही, फरार गौरव पटेल एवं शुभम की सरगर्मी से पुलिस तलाश कर रही है।
बताया गया कि घायल शैलेष द्वारा आरोपी गौरव व शुभम की बैंक लोन फ्रॉड को उजागर किया गया था। जिसके चलते बदला लेने की नीयत से दोनों के द्वारा 20 हजार रूपये की सुपारी देकर प्राणघातक हमला करवाया गया था।
सिविल लाइन थाना प्रभारी धीरज राज के नेतृत्व में की गई कार्यवाही में उप निरीक्षक जया तिवारी, विनोद दुबे, सुमित मिश्रा, प्रधान आरक्षक विजय शर्मा, आरक्षक प्रमोद, मयंक की सराहनीय भूमिका रही।


