भोपाल। राजधानी के बुधवारा क्षेत्र में अवैध नल कनेक्शन काटने पहुंचे नगर निगम के वार्ड प्रभारी अरबाज खान से कुछ लोगों ने मारपीट की है।
वहीं, जोन अधिकारी आरबी त्रिपाठी से झूमाझटकी भी की गई। इस मामले के बाद निगम के अफसर मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस थाने में मामला दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया।
मामला रविवार दोपहर 1 बजे के बाद का है। जोन 5 का अमला बकाया जलकर वसूली के लिए बुधवारा पहुंचा था। इस दौरान अवैध नल कनेक्शन की जांच भी की गई। इस दौरान कुछ घरों में अवैध कनेक्शन पाए गए। इसके बाद निगम अमले ने कनेक्शन काटने शुरू किए। तभी कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए निगम अमले पर हमला कर दिया।
अवैध नल कनेक्शन और वसूली किए जाने से बुधवारा के कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद जोन अधिकारी आरबी त्रिपाठी को अपशब्द कहने लगे। यह देख वार्ड प्रभारी अरबाज खान ने लोगों को रोका। तभी एक व्यक्ति आया और अरबाज को थप्पड़ मार दिया। पास में खड़े अन्य लोगों ने भी मारपीट शुरू कर दी।
अचानक हुए हमले से निगम अमले ने अपने आपको को जैसे-तैसे बचाया और मौके से बाहर निकले। इसके बाद निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण को मामले की पूरी जानकारी दी गई।
ननि कमिश्नर ने विभाग से जुड़े अफसरों को मौके पर भेजा।
जोन प्रभारी आरबी त्रिपाठी ने बताया कि कुछ लोगों ने मारपीट और गाली-गलौच की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उनके विरुद्ध थाने में एफआईआर दर्ज कराया जा रहा हैं।


