सीधी। बीती रात जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीधी-सिंगरौली मुख्यमार्ग के हिरन नाला से कुछ दूर पर खड़े एक 709 वाहन से रेत परिवहन कर रहे 407 वाहन की भिड़ंत हो गई, जिसमें चालक बुरी तरह घायल होकर अस्पताल पहुंच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेत लदा 407 वाहन क्रमांक यूपी 63 एटी 4933 सिंगरौली की ओर से सीधी आ रहा था। जिसकी टक्कर सड़क किनारे खड़े 709 वाहन क्रमांक एमपी 53 जीए 1928 से हो गई।
हादसे में रेत लदे वाहन के चालक को चोट आ गई।
घटना देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है।
आसपास के लोगों की माने तो 709 वाहन अक्सर वही पर सड़क किनारे ही खड़ा रहता था, जिसकी कल रात 407 वाहन से टक्कर हो गई है। हालांकि देर रात होने के कारण किसी अन्य के वाहन की चपेट में आने की सूचना नहीं है, लेकिन यही हादसा अगर दिन में होता तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे।
अक्सर देखा गया है कि लोग सड़क के किनारे अपने वाहन खड़े कर देते हैं या गिट्टी, बालू सहित अन्य सामान सड़क किनारे डंप कर देते हैं जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
पूर्व में इस संबंध में कुछ निर्देश भी जारी किए गए थे, लेकिन समय बीतने के साथ ही निर्देश भी हवा हो गए।
शहर व उसके आसपास गौर किया जाए तो कई व्यापारियों द्वारा सड़क किनारे समान डंप किए गए हैं और जगह-जगह पर वहां भी खड़े रहते हैं। आम क्षेत्रीयो द्वारा भी घरों में चल रहे निर्माणकार्य के लिए गिट्टी बालू और सरिया सड़क पर ही रखवाए जाते हैं, जिसके कारण कभी भी कोई बड़ी घटना घट सकती है। जरूरत है इस ओर ध्यान देने की।


