चेक पोस्टो पर थमी वाहनों की चेकिंग, सरपट दौड़ते नजर आए भार वाहक वाहन, शासन के आदेश के बाद चेक पोस्ट आधी रात से बंद

झाबुआ। प्रदेश के सभी परिवहन चेक पोस्ट रविवार आधी रात्रि से बंद करने के शासन के आदेश का असर सोमवार को पूरी तरह से दिखाई दिए।
मध्यप्रदेश एवं गुजरात की सीमा पर स्थित पिटोल एकीकृत जांच चौकी पर रुकने वाले 3000 से अधिक भार वाहक वाहनों के चक्के रविवार आधी रात्रि के बाद से सरपट दौड़ते नजर आए।
चौकी पर वाहनों की लाइन भी नहीं लगी। वजन के लिए बने बूथ खाली पडे थे।
पिटोल परिवहन चेक पोस्ट प्रभारी किशोर सिंह बघेल ने बताया कि ट्रैफिक निर्बाध रूप से चले, इसलिए चेक पोस्ट बंद किए गए हैं। अब वाहनों की चेकिंग का स्वरूप क्या होगा, इसके लिए शासन के आदेश के अनुसार काम करेंगे।
इधर, बुरहानपुर में मप्र और महाराष्ट्र की सीमा इच्छापुर के पास स्थित भोटा फाटा चेक पोस्ट, खकनार क्षेत्र के देड़तलाई चेकपोस्ट और लोनी चेक पोस्ट में रविवार रात 12 बजे से वाहनों की चेकिंग का काम बंद कर दिया गया है।
भोटा और देड़तलाई चेकपोस्ट से प्रतिदिन 100 से ज्यादा ट्रक महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश में प्रवेश करते हैं, जबकि लोनी चेकपोस्ट से करीब 70 वाहन प्रवेश करते हैं।
चेकपोस्ट के कर्मचारियों का कहना है कि अभी मोबाइल वाहनों से चेकिंग संबंधी आदेश नहीं मिले हैं। बड़वानी जिले में स्थित परिवहन जांच चौकी आरटीओ बैरियर बालसमुद से 18 तौल-कांटों से ट्रक बेरोकटोक निकले। यहां प्रतिदिन तीन से 6000 वाहन निकलते हैं।

 

Next Post

मध्यप्रदेश के सभी टाइगर रिजर्व आज से बंद, 1 अक्टूबर को पर्यटको के लिए खोला जायेगे सभी टाइगर रिजर्व

भोपाल। मध्य प्रदेश के सभी 6 टाइगर रिजर्व बांधवगढ़, कान्हा, पेंच, सतपुड़ा, पन्ना और संजय धुबरी को एक जुलाई से पर्यटकों के लिए 30 सितम्बर तक के लिए बंद कर दिया गया है। हालांकि, कुछ टाइगर रिजर्व के बफर जोन में टाइगर सफारी पहले ही तरह ही संचालित होती रहेगी। […]