सिंगरौली। जिले के बरगवां गांव में एक माँ ने अपनी ही 8 माह की मासूम बच्ची की हत्या कर दी। वह भी सिर्फ इसलिए क्योंकि मासूम लगातार रो रही थी।
कलयुगी माँ ने मासूम को उठाया और पानी से भरी बाल्टी में डुबो दिया। सांसें थमने के बाद बच्ची के शव को बुधवार को बोरी में बंदकर घर के पास के नाले में फेंक दिया।
पुलिस ने गुरुवार को मासूम का शव बरामद कर आरोपी माँ को हिरासत में ले लिया है।
बरगवां के रहने वाले रामलला तिवारी हिंडाल्को महान कंपनी में काम करते हैं। बुधवार शाम को घर पहुंचे तो पत्नी मधु तिवारी ने बताया कि बच्ची को कमरे में सुलाकर मैं बाथरूम में कपड़े धोने चली गई। लौटी तो बच्ची वहां नहीं मिली।
काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का पता नहीं चला तो परिजन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने जा पहुंचे। उन्होंने मासूम के अपहरण की आशंका जताई।
परिजन की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता ने मामले की जांच एसडीओपी केके पाण्डेय को सौंपी। उन्होंने बरगवां निरीक्षक विद्या वारिधि तिवारी और टीम के साथ बच्ची की खोजबीन शुरू की। देर रात तक बच्ची का पता नहीं चला।
पुलिस बच्ची की तलाश कर रही थी। परिजन भी परेशान थे। ऐसे में मधु को ग्लानि हुई। उसने आधी रात को रामलला को सारी बात बता दी। गुरुवार सुबह वह पुलिस थाने पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने मधु की निशानदेही पर घर से कुछ दूर नाले से बोरी में लिपटा शव बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक बच्ची के लगातार रोने से मधु को गुस्सा आ गया। उसने बच्ची को पानी में डुबो कर मार डाला।


