डिंडौरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशन में आदिवासी बाहुल्य जिले डिंडौरी में भी मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण एसआईआर का कार्य तेजी गति से चल रहा है। इस बीच ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले भी सामने आ रहे हैं।
जिले के बजाग, करंजिया एवं समनापुर जनपद क्षेत्र में एसआईए के नाम पर लोगों को फोन करते हुए ओटीपी मांगने के साथ एसआईआर एप्प डाउनलोड करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
इस तरह के मामले प्रकाश में आने के बाद पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह ने जिले के लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने पत्र जारी कर धोखाधड़ी के प्रयास होने पर तुरंत पीड़ितों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 में संपर्क करने की सलाह दी है।
बताया गया कि साइबर ठग एसआईआर के नाम पर नागरिकों के मोबाइल नंबर पर कॉल मैसेज और व्हाट्सएप भेज कर ओटीपी प्राप्त करते हैं, और फर्जी एसआईआर एप्प इंस्टॉल कराने की कोशिश कर रहे हैं।
अधीक्षक वाहनी सिंह ने बताया कि यह एक गंभीर साइबर अपराध है, जिसका उद्देश्य मोबाइल डाटा, बैंक अकाउंट, सोशल मीडिया और यूपीआई लेनदेन को हैक करना बताया जा रहा है। पुलिस ने यह सलाह दी है कि कोई भी ओटीपी साझा न करें।
उन्होंने आगे कहा कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को बीएलओ या सरकारी अधिकारी बताकर एसआईआर अपडेट के लिए मोबाइल पर ओटीपी मांगे तो उसे न बताएं। साथ ही तत्काल पुलिस को भी सूचना दें।


