जबलपुर। जबलपुर से हैदराबाद के लिए उड़ी इंडिगो की फ्लाइट 6 ई-7308 की नागपुर में एमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। विमान को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिलने के बाद कैप्टन ने विमान की आपात लैंडिंग की। फ्लाइट के टॉयलेट में ब्लास्ट@9 का संदेश लिखा मिला।
विमान की क्रू मैम्बर ने यह संदेश देखा तो उसने कैप्टन को तत्काल सूचना दी। जिसके बाद फौरन विमान की लैडिंग हुई। विमान में 69 लोग सवार थे। नागपुर एयरपोर्ट में तत्काल सभी यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई।
बता दें कि सुबह 8 बजे निर्धारित समय पर जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से इंडिगो के विमान ने हैदराबाद के लिए उड़ान भरी। करीब 9.20 बजे विमान के कैप्टन ने नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग की।
इंडिगो की मैनेजर हिना खान ने नागपुर में एमरजेंसी लैंडिंग होने की जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक जबलपुर से उड़ान भरने के कुछ समय बाद क्रू में शामिल ज्योतिस्मिता सैकिया वॉशरूम गईं। यहां टॉयलेट रोल के टुकड़े पर नीली स्याही से लिखा मैसेज दिखा। इसमें ‘ब्लास्ट @ 9’ लिखा था। यह देखकर वह डर गई और सैकिया ने विमान के पायलट को सूचना दी। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल नागपुर को सूचना दी। इसके बाद फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट कर दिया गया।
नागपुर एयरपोर्ट को सील किया गया है।
विमान की जांच के लिए सुरक्षा एजेंसी भी अलर्ट मोड में आ गई हैं। विमान से सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया।
फ्लाइट के भीतर रखे सामान की जांच की गयी।
सुरक्षा टीम इस बात की भी जानकारी जुटाने में लगी है कि यह संदेश किसने और कब लिखा था।