डिंडोरी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डिंडौरी से अमरकंटक मार्ग में ग्राम कूड़ा के पास दर्दनाक सड़क हादसे में गुरुवार की रात चचेरे भाइयों की मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही कर मर्ग कायम किया।
शवों का पीएम शुक्रवार की सुबह जिला अस्पताल में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। कोतवाली पुलिस ने पिकअप ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक महेंद्र विश्वकर्मा पिता विष्णु विश्वकर्मा (22) और विपिन विश्वकर्मा पिता चरण विश्वकर्मा (23) दोनों निवासी ग्राम छिंदगांव थाना शाहपुर शादी के कार्ड बांटकर सागर टोला गाड़ासरई से लौट रहे थे।
रात लगभग 11 से 11.30 डिंडौरी की ओर से जा रहे पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 52 जीए 0983 के ड्राइवर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक पिकअप के सामने की तरफ फंसकर कुछ दूर तक घिसट गई और बाइक में आग लग गई। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस दौरान बाइक में आग लग गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के पार्ट्स टूटकर सड़क में बिखर गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 वाहन मौके पर पहुंचा।
महेंद्र के पिता विष्णु लाल विश्वकर्मा ने बताया कि उनका मझला बेटा महेन्द्र कुमार बाइक क्रमांक एमपी 52 एमई 2005 से उनके बडे भाई के बेटे विपिन कुमार के साथ भांजे की शादी का कार्ड बांटने सागरटोला गाडासरई गए थे। कार्ड बांटकर वापस आते समय ग्राम कूड़ा में पॉलिटेक्निक कॉलेज के पहले डिंडौरी तरफ से जा रहे पिकअप वाहन के ड्राइवर ने तेज रफ्तार व लापरवाही पूर्वक बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।


