डैम घाट में जल गंगा संवर्धन अभियान की हुई शुरुआत, क्षेत्रीय सांसद विधायक सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल

डिंडोरी। रविवार को नर्मदा डेम घाट पर जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत की गई।
इस दौरान मंडला संसदीय क्षेत्र के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते एवं शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे सहित जनप्रतिनिधियों ने मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर ध्वज स्थापित किया।
जल गंगा संवर्धन अभियान पर पहुचे सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि भविष्य में जल संकट गंभीर हो सकता है। इसी को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा सहित अन्य नदियों की सफाई और जल संवर्धन के लिए अलग मंत्रालय बनाया है। उन्होंने आगे कहा कि जल स्रोतों को संरक्षित करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
वही, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने चिंता जताई कि अमरकंटक के बाद डिंडौरी पहला नगर है, जहां नर्मदा सबसे ज्यादा प्रदूषित हो रही है। घाट के ऊपर नगर के गंदे नाले मिल रहे हैं। उन्होंने पंडितों से आग्रह किया कि वे लोगों को जागरूक करें। पूजा सामग्री को नदी में डालने के बजाय खेतों में डालें, जिससे जमीन भी उपजाऊ बनेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू नेताम, डिंडोरी नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता सारस सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस दौरान सभी ने स्वच्छता और जल संवर्धन की शपथ ले ने के साथ पुराने जल स्रोतों के संरक्षण का भी संकल्प लिया।

 

Next Post

चैत्र नवरात्र में आठ दिन में पांच सर्वार्थसिद्धि व चार बार रवियोग का मुहूर्त

उज्जैन। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, गुड़ी पड़वा पर आज सर्वार्थसिद्धि योग के महासंयोग में चैत्र नवरात्र का श्रीगणेश हो गया है। इस बार तिथि क्षय के कारण नवरात्र आठ दिन के रहेंगे। पर्वकाल में पांच बार सर्वार्थसिद्धि तथा चार बार रवियोग का संयोग बन रहा है। पं. अमर डब्बावाला के मुताबिक […]