भोपाल। भारत में पिछले नौ वर्षो में 25 करोड लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। इसमें मध्य प्रदेश में 2 करोड़ 30 लाख लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
नीति आयोग द्वारा राष्ट्रीय बहुआयामी गरीबी सूचकांक की रिपोर्ट जारी की है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह डबल इंजन सरकार की बेहतर नीतियों का असर है, जिसके कारण गरीबों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने नीति आयोग की रिपोर्ट पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और नागरिकों की सहभागिता से बड़ी संख्या में लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। हमारी सरकार अंत्योदय के लिए संकल्पित है।
सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने आम आदमी के हित में कई योजनाएं चलाई है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया है कि इनका लाभ पात्र व्यक्तियों को मिले। विकसित भारत संकल्प यात्रा में भी पात्र हितग्राहियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलवाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
वही, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गरीब कल्याण भाजपा सरकार का प्रण है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अंत्योदय के दर्शन और सुशासन के मंत्र से अनुप्रणित भाजपा सरकार ने जनकल्याण तथा विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मध्य प्रदेश में भी गरीबी उन्मूलन की यात्रा को गति दी है। प्रत्येक व्यक्ति का जीवन समृद्ध तथा खुशहाल हो, यह मोदी जी की गारंटी है। समाज के अंतिम छोर पर बैठा हुआ व्यक्ति भी इस गारंटी को महसूस कर रहा है।

