इंदौर। दीपावली दफ्तर की व्यवस्तता के बाद चार्टर्ड अकाउंटेंटो को सरकार अब राहत दे रही है।
बुधवार को आयकर ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने और आयकर रिटर्न जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है।
बता दे कि केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने देशभर से उठी मांग को पहले नजर अंदाज किया। अब जब अलग-अलग प्रदेशों की हाईकोर्ट ने फटकार लगाई तो ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने की तारीख में 10 दिन और रिटर्न जमा करने की तारीख में पूरे 40 दिन की वृद्धि कर दी गई।
इससे पहले आयकर ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर थी। जिसे बीते समय में 31 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया था।
हालांकि, इसके साथ आयकर रिटर्न की तारीख नहीं बढ़ाई गई। जबकि, ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने के बाद 30 दिन का समय रिटर्न दाखिल के लिए बीते वर्षों तक मिलता रहा है।
चार्टर्ड अकाउंटेंट लगातार मांग कर रहे थे की रिटर्न और ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने के चक्कर में दीपावली का त्योहार भी बिगड़ रहा है।
चार्टर्ड अकाउंटेंट सहित उनके कर्मचारी बीते दिनों से लगातार दफ्तर में बैठकर रिटर्न दाखिल करने में जुटे थे। इसके बाद चार्टर्ड अकाउंटेंट और संस्थाओं ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर दी।
जिसके बाद कोर्ट ने सीबीडीटी को फटकार लगाई। क्योंकि, कोर्ट पहले ही तारीख बढ़ाने का आदेश दे चुका था।
इसके बाद बुधवार को सीबीडीटी ने अंतिम तिथियों में वृद्धि कर दी।
सीए कीर्ति जोशी के मुताबिक 31 अक्टूबर के बाद रिटर्न और ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने पर हजारों रुपये पेनाल्टी लग रही थी। अब रिटर्न दाखिल करने की मियाद बढ़ाकर 10 दिसंबर कर दी गई है। और ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने की तारीख 10 नवंबर कर दी गई है। इन तारीखों तक पेनाल्टी के ऑडिट रिपोर्ट और रिटर्न दाखिल हो सकेंगे।दीपावली भले ही बिगड़ गई हो लेकिन अब छोटी दीपावली पर कर पेशेवरों को राहत मिल गई है।


