बड़वानी। शुक्रवार सुबह जिले के खेतिया थाना क्षेत्र के बायगौर गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी बस हादसे का शिकार हो गई।
बता दे कि बस नर्मदा परिक्रमा के लिए जा रहे यात्रियों को लेकर बड़वानी से प्रकाशा की ओर जा रही थी। इसी दौरान खेतिया-पाटी रोड पर घाट उतरते समय बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीस से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद खेतिया और पाटी थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को खेतिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बस में करीब 54 यात्री सवार थे, जो इंदौर से ओंकारेश्वर होते हुए प्रकाशा जा रहे थे।
मौके पर फंसे दो लोगों को निकालने के लिए जेसीबी और क्रेन की मदद ली गई।
पानसेमल विधायक श्याम बर्डे ने घटनास्थल पहुंचकर राहत कार्यों की जानकारी ली। बताया गया कि बस का ब्रेक फेल होने से यह हादसा हुआ। परिक्रमावासियों के लिए भोजन बना रहे दिशान ने बताया कि बस घाट उतरते समय अनियंत्रित होकर पलटी।
विधायक श्याम बर्डे ने कहा कि बस में 45 से अधिक परिक्रमावासी सवार थे, जिनमें से कई को गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों की मदद से श्रद्धालुओं को बस के शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया। प्रशासन ने बचाव कार्य के लिए दो क्रेन तैनात की हैं।
कलेक्टर जयति सिंह ने बताया कि बस में 55 लोग सवार थे, जिनमें से एक महिला की मौत हो गई, 54 लोग घायल हैं, जिनका खेतिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।


