नदी में मिली सरकारी वकील के कार से व्यापारी की लाश, वक़ील लापता, शिवपुरी से दोनों साथ निकले थे

शिवपुरी। जिले की की बुधना नदी में सोमवार दोपहर को एक कार मिली है। कार को जब नदी से निकाला गया तो उसमें एक व्यापारी की लाश पड़ी मिली। मृतक की पहचान शिवम गुप्ता (35) के रूप में की गई है।
नदी में गिरी कार पिछोर कोर्ट में पदस्थ एडीपीओ (सहायक जिला अभियोजन अधिकारी) राकेश रोशन की है।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम को राकेश रोशन और शिवम गुप्ता कार से कहीं निकले थे। देर रात तक दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजन ने पिछोर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू किया।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (पिछोर) प्रशांत शर्मा ने बताया कि सोमवार की दोपहर पिछोर-चंदेरी रोड पर बुधना नदी में कार पड़ी होने की सूचना मिली थी। पुलिस पहुंची और कार को बाहर निकाला। कार के भीतर एक लाश मिली है, जिसकी पहचान शिवम गुप्ता के रूप में हुई है। चूंकि कार एडीपीओ राकेश रोशन की है और रविवार की शाम दोनों के साथ होने की बात सामने आई है। इसके चलते एडीपीओ की तलाश की जा रही है। उन्हें तलाशने के लिए शिवपुरी से एसडीईआरएफ की टीम भी मौके पर बुलाई गई है।
प्रशांत शर्मा ने बताया कि पिछोर निवासी शिवम के पिता थाने आए थे। उन्होंने बताया कि बेटा रविवार शाम करीब 8 बजे से गायब है। वह पिछोर कोर्ट में पदस्थ एडीपीओ राकेश रोशन के साथ गया था।
बुधना नदी पर दो पुल बने हैं। पुराने पुल से आवागमन को बंद करके रखा गया है। वहीं, नए पुल से आवागमन जारी है। नए पुल पर कार के टकराने या रैलिंग क्षतिग्रस्त होने के कोई भी निशान पुलिस को नहीं मिले हैं।
ऐसा अनुमान जताया जा रहा है कि अगर कार नए पुल के पहले से गिरी होती तो वह पुराने पुल पर गिरती, लेकिन कार बुधना नदी में मिली। आशंका है कि बीती रात बारिश हुई थी। संभवतः कार किसी दूसरी जगह से नदी में गिरी होगी और बह कर पुल तक पहुंची होगी।
नदी से निकाली गई कार के शीशे टूटे मिले हैं। व्यापारी का शव कार के पिछले हिस्से में मिला है। वही, एडीपीओ राकेश रोशन का अब तक कोई पता नहीं चला है। पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

 

Next Post

रामनिवास रावत ने ली केबिनेट मंत्री की शपथ, शपथ ग्रहण के दौरान गफलत, दूसरी बार दोहराई गई पूरी प्रक्रिया

भोपाल। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। सोमवार सुबह राजभवन में रामनिवास रावत ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। रामनिवास रावत लोकसभा चुनाव के पहले 30 अप्रैल को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे। वह श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से छठी बार […]