बोरिंग साइट पर सपोर्टिंग गाड़ी के नीचे सो रहे तीन मजदूरों को वाहन ने कुचला, वहान रिवर्स करते वक्त हुआ हादसा

DR. SUMIT SENDRAM

धार। मंगलवार अलसुबह औद्योगिक नगरी पीथमपुर में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। यहां बोरिंग मशीन के साथ चल रही सपोर्टिंग गाड़ी की चपेट में आने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों मजदूर वाहन के नीचे सो रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ निवासी तीनों मजदूर रात में काम खत्म होने के बाद बोरिंग मशीन के साथ खड़ी सपोर्टिंग एयर गाड़ी (केए51एमसी5799) के नीचे आराम करने के लिए लेट गए थे। इसी दौरान चालक ने बिना नीचे देखे वाहन को लापरवाही से रिवर्स कर दिया। भारी-भरकम गाड़ी के पहिए मजदूरों के ऊपर चढ़ गए, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक गवला निवासी सुभाष चौहान और रुदन सिंह सोलंकी के खेत पर बोरिंग का काम चल रहा था। मजदूर दिनभर की मेहनत के बाद थककर वाहन के नीचे ही सो गए थे। हादसे में रामचरण (56), भानुप्रताप (19) और अरविंद (22) की मौत हो गई। तीनों मृतक छत्तीसगढ़ के अलग-अलग गांवों के निवासी थे और काम के सिलसिले में पीथमपुर आए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने फरियादी रमेश इक्का की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही सामने आ रहा है।

 

 

 

 

Next Post

सरकारी रिकॉर्ड से किसान की पैतृक जमीन हुई गायब, दो वर्षों से भटक रहा बुजुर्ग किसान

मंदसौर। मंदसौर तहसील क्षेत्र के ग्राम लिलदा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां किसान प्रभुलाल सोधिया की पैतृक जमीन सरकारी रिकॉर्ड से ही गायब हो गई। 70 वर्षीय प्रभुलाल पिछले दो वर्षो से तहसील और कलेक्टर कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें […]