डिंडोरी। मौसम में परिवर्तन के चलते जिला मुख्यालय डिंडौरी सहित शहपुरा क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन से अधिक गांवों में मंगलवार की दोपहर तेज बारिश हुई। बारिश के दौरान शहपुरा और डिंडौरी जनपद की सीमावर्ती गांवों के क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई।
ओलावृष्टि से सब्जी की फसल को नुकसान होना सामने आया है।
ओला और बारिश से जनजीवन भी प्रभावित नजर आ रहा है। वही, मौसम में ठंडक आने से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली है।
बता दे कि जिला मुख्यालय में मंगलवार दोपहर ढाई बजे के बाद मौसम में बदलाव होने से तेज आंधी चलने के साथ आसमान में बादल छा गए और तीन बजे के आसपास बूंदा-बांदी शुरू हो गई।
आंधी-तूफान से घरों और गुमटियों के छप्पर भी उड़े है। वही, कुछ क्षेत्रों में पेड़ भी धराशायी हुए हैं।
बता दे कि जिले के बटौंधा, दुहनिया, छीवली, जमगांव, मझौली, लोंदाझिर, लुगदरा, दौरी टोला और पाकर बघर्रा में भारी ओलावृष्टि दर्ज की गई।
स्थानीय किसान के मुताबिक इस प्राकृतिक आपदा से छोटे किसानों द्वारा उगाई गई सब्जी की फसलें पूरी तरह खराब हो गई हैं।
मौसम विभाग ने आगामी 8 मई तक क्षेत्र में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है।
वही, मेंहदवानी जनपद मुख्यालय में आंधी के कारण आजीविका दीदी कैफे पर एक बड़ा पेड़ गिर गया। हादसे के वक्त कैफे में ग्राहक मौजूद थे, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि एक दुकान का टीन शेड उड़कर मुख्य सड़क पर आ गिरा।
एसडीएम राम बाबू देवांगन ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम बुधवार से प्रभावित गांवों का दौरा करेगी। टीम फसल और संपत्ति के नुकसान का आकलन कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। विशेष रूप से व्यावसायिक खेती करने वाले किसानों के नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट मंगवाई जा रही है ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।


